छत्तीसगढ़ में गिरेंगे ओले, 9 जिलों में बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट; चलेंगी तूफानी हवाएं
Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग ने 9 जिलों में बारिश और ओले गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चलने का अपडेट भी जारी किया गया है।

Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में बीते 3 दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आज भी बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 9 जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। कल आए आंधी-तूफान और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से बिलासपुर संभाग के रतनपुर इलाके में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल है। रायगढ़ जिले में भी आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई है, जिसमें एक शिक्षक की मौत हुई है। कल शाम कोरिया जिले में 70, बिलासपुर जिले में 80 और रायपुर, दुर्ग जिले में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली और तेज वर्षा हुई। रायपुर और दुर्ग जिले में ओले भी गिरे। मौसम में आए बदलाव से तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाडा, बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, कांकेर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं धमतरी और गरियाबंद जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट आगामी तीन घंटे तक के लिए जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 2 दिनों तक प्रदेश में बारिश और तूफान का दौर जारी रहने वाला है। प्रदेश का अधिकतम तापमान बिलासपुर में 40 डिग्री दर्ज किया गया। वही न्यूनतम 22 डिग्री दुर्ग में दर्ज किया गया। इधर पेंड्रा में 35.5, अंबिकापुर में 36.2, जगदलपुर में 33.7, दुर्ग में 38.6 तापमान दर्ज किया गया। मौसम में आए बदलाव से अधिकांश जिलों में 4 से 5 डिग्री तक तापमान में गिरावट आई है। रात में ठंडी हवाओं से ठिठुरन का अहसास भी हुआ।
प्रदेश में यह सिस्टम ऐक्टिव
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में दो सिस्टम का प्रभाव बना हुआ है। एक द्रोणिका दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उसके आसपास के क्षेत्र से गुजरात, महाराष्ट्र, आंतरिक कर्नाटक होते हुए दक्षिण-तमिलनाडु तक औसत समुद्र तल से 0.9 बकमी ऊपर बनी हुई है। वहीं पूर्वी-पश्चिम द्रोणिका उपरोक्त चक्रवाती परीसंरचना क्षेत्र से दक्षिण पूर्व राजस्थान और उसके आसपास
के क्षेत्रों से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखांड होते हुए उत्तरी ओडिशा तक जो औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव हो रहा है। मौसम में आए बदलाव से भीषण गर्मी से राहत है।
6 मई तक राहत, फिर बढ़ेगा तापमान
रायपुर मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो दिन तक बारिश की संभावना बनी हुई है।प्रदेश के कुछ इलाकों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। साथ ही अंधड़ और तेज बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
रिपोर्ट: संदीप दीवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।