अब संभाल लेना, अंतिम ओवर में आशुतोष से क्या बात; मोहित शर्मा ने बताया पूरा प्लान; VIDEO
- दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच मैच में दिल्ली ने रोमांचक जीत दर्ज की। इसके लिए प्लानिंग कैसे हुई थी, इसका खुलासा आशुतोष के पार्टनर रहे मोहित शर्मा ने किया है।

दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच मैच में दिल्ली ने रोमांचक जीत दर्ज की। इस जीत के हीरो बने आशुतोष शर्मा, जिन्होंने अंतिम ओवर में छक्का लगाया। इसके लिए प्लानिंग कैसे हुई थी, इसका खुलासा आशुतोष के पार्टनर रहे मोहित शर्मा ने किया है। मोहित आखिरी बल्लेबाज के रूप में आशुतोष शर्मा का साथ देने आए थे। आखिरी ओवर में दिल्ली को जीतने के लिए छह रन चाहिए, लेकिन चैलेंज यह था कि मोहित शर्मा क्रीज पर थे। उनके सामने गेंदबाज थे शाहबाज अहमद। इस ओवर से पहले मोहित और आशुतोष ने एक प्लान बनाया था।
सोशल मीडिया पर वीडियो
दिल्ली कैपिटल्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। इसमें वह बता रहे हैं कि आखिरी ओवर से पहले उनके और आशुतोष के बीच क्या बातचीत हुई थी। मोहित अपने साथी खिलाड़ी से बात कर रहे हैं। वह बता रहे हैं कि मैंने आशुतोष से पूछा था कि एक बॉल दूंगा तुझे तू मार देगा। इसके जवाब में आशुतोष ने कहाकि हां, मैं मार दूंगा। मोहित ने कहाकि इसके बाद मैंने कहाकि ठीक है फिर चार बॉल मुझे डॉट कर लेने दो। इसके बाद साथी खिलाड़ी कहता है, लेकिन आपने सिंगल ले लिया। फिर मोहित कहते हैं, वही तो। फिर मैंने कहाकि अब तू संभाल ले बाकी।
पहली गेंद मिस कर गए थे मोहित
गौरतलब है कि आखिरी ओवर की पहली गेंद को मोहित मिस कर गए थे। वह भाग्यशाली रहे कि यह गेंद पंत के दास्तानों में नहीं समाई, अन्यथा वह स्टंप आउट हो गए होते। गेंद मोहित के पैड पर लगते हुए पंत के पास पहुंची थी। पंत ने एलबीडब्लू के लिए डीआरएस लिया, लेकिन गेंद स्टंप मिस कर रही थी। अंतिम ओवर की दूसरी गेंद को मोहित ने ऑफ साइड में खेला। आयुष बडोनी तेजी से गेंद की लपके, लेकिन इसे कलेक्ट नहीं कर सके। इस बीच मोहित और आशुतोष ने छोर बदल लिए। अब बाकी बची चार गेंदों पर दिल्ली कैपिटल्स को पांच रन चाहिए थे। आशुतोष ने शाहजाद अहमद की तीसरी गेंद को सामने की तरफ उठाकर छक्का मार दिया। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने यह मैच जीत लिया।
शुरुआत रही थी खराब
गौरतलब है कि इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही थी। 65 रन के स्कोर पर दिल्ली की टीम अपने पांच विकेट गंवा चुकी थी। लेकिन आशुतोष ने पहले ट्रिस्टन स्टब्स और फिर विपराज निगम के साथ कीमती साझेदारियां करके टीम को मैच में बनाए रखा। 19वें ओवर में भी उन्होंने एक छक्का और एक चौका लगाया। इसके बाद आखिरी ओवर में मैच फिनिश कर दिया।