यशस्वी जायसवाल ने छक्के मारने के मामले में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 3 बार पहली गेंद पर सिक्स मारने वाले पहले बैटर बने
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले के दौरान यशस्वी जायसवाल ने पहली गेंद पर ही छक्का लगाया। इसके साथ ही वह तीन अलग-अलग पारियों में पहली गेंद पर छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल 2025 में लगातार पांच मैचों में हार का मुंह देखना पड़ा है। गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने राजस्थान की टीम को 11 रन से हराया। बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 205 रन बनाए। इसके जवाब में राजस्थान की टीम 9 विकेट खोकर 194 रन ही बना सकी। वहीं राजस्थान की पारी की पहली ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने छक्का लगाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।
यशस्वी जायसवाल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ पहली ही गेंद पर लेग साइड में शानदार छक्का लगाया। इसके साथ ही यशस्वी जायसवाल आईपीएल मैच में तीन अलग-अलग मौकों पर पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। किसी अन्य बल्लेबाज ने यह उपलब्धि एक से अधिक बार हासिल नहीं की है।
आईपीएल पारी में आठ बल्लेबाजों ने पहली गेंद पर छक्का लगाया है, लेकिन जायसवाल तीन बार यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में नमन ओझा, मयंक अग्रवाल, सुनील नरेन, विराट कोहली, रॉबिन उथप्पा, फिल साल्ट और प्रियांश आर्य शामिल हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जोश हेजलवुड की शानदार गेंदबाजी से वापसी करते हुए गुरुवार को आईपीएल मैच में राजस्थान रॉयल्स को 11 रन से शिकस्त देकर इस सत्र में घरेलू मैदान पर पहली जीत का स्वाद चखा। आरसीबी 12 अंक लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर है। गुजरात टाइटन्स और दिल्ली कैपिटल्स के भी 12-12 अंक हैं। राजस्थान रॉयल्स की यह लगातार पांचवीं हार थी।
इससे पहले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (70 रन) और देवदत्त पडीक्कल (50 रन) के अर्धशतकों तथा दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 51 गेंद में 95 रन की साझेदारी से आरसीबी ने पांच विकेट पर 205 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
पर राजस्थान रॉयल्स 20 ओवर में नौ विकेट पर 194 रन ही बना सकी। उसके लिए यशस्वी जायसवाल (49 रन), रियान पराग (22 रन), नीतिश राणा (28 रन) और वैभव सूर्यवंशी (16 रन) और ध्रुव जुरेल ने आरसीबी के गेंदबाजों की खूब धुनाई की। पर हेजलवुड ने 17वें और 19वें ओवर में शानदार गेंदबाजी कर आरसीबी को मैच में वापसी कराई।
शुभम दुबे और जुरेल ने 18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार पर 22 रन जुटाये जिससे राजस्थान को जीत के लिए दो ओवर में केवल 18 रन चाहिए थे। लेकिन 19वें ओवर में हेजलवुड ने महज एक रन देकर दो विकेट झटके जिसमें जुरेल (47 रन) का विकेट भी शामिल था। इससे आरसीबी की जीत सुनिश्चित हुई।