बीएसएल-युक्ता ब्रांड के साथ महिलाओं की आत्मनिर्भरता को नया आयाम देता बोकारो हैंडीक्राफ्ट सेंटर
चित्र परिचय:7: हैंडीक्राफ्ट सेंटर में शामिल हस्तनिर्मित उत्पाद। बीएसएल-युक्ता ब्रांड के साथ महिलाओं की आत्मनिर्भरता को नया आयाम देता बोकारो हैंडीक्राफ

नगर के सेक्टर-2 में स्थित बोकारो हस्तशिल्प केंद्र आज ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता और स्थानीय हस्तकला के संवर्धन का सशक्त उदाहरण बन चुका है। बोकारो स्टील प्लांट की कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी के तहत संचालित ब्रांड युक्ता का एक रिटेल आउटलेट भी हस्तशिल्प केंद्र परिसर में खोला गया है, ताकि इन हेंडीक्राफ्ट उत्पादों को आमजनों तक पहुंचाया जा सके। सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 बजे से सायं 7 बजे तक खुला रहने वाले इस आउटलेट में प्रदर्शित उत्पादों की रेंज न सिर्फ आकर्षक है, बल्कि पर्यावरण-अनुकूल भी है। यहां के उत्पाद बांस, जूट, जलकुंभी जैसी प्राकृतिक और इको-फ्रेंडली सामग्रियों के उपयोग से बनाए जाते हैं। जिससे न केवल पर्यावरण का संरक्षण होता है, बल्कि महिलाओं को पारंपरिक कला के माध्यम से सशक्त भी बनाया जा रहा है। हस्तनिर्मित उत्पादों की विविधता के साथ इसमें गोल व चौकोर ट्रे, सजावटी फूल, हस्तनिर्मित जलकुंभी की चप्पलें, लैंप शेड्स, डेकोरेटिव आइटम्स, फर्नीचर आदि शामिल हैं।
ये सभी उत्पाद बोकारो के ग्रामीण क्षेत्रों की स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों की ओर से हस्तनिर्मित हैं। जिन्हें सीमित संसाधनों के बीच अपने हुनर को निखारने का अवसर मिला है। बोकारो की ग्रामीण महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित इन उत्पादों को बाजार में विशिष्ट पहचान देने के लिए युक्ता नामक ब्रांड की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को एक संगठित ब्रांडिंग मंच प्रदान करना है। जिससे उन्हें बेहतर बाजार और आय का अवसर मिल सके। इस कला में अब तक 600 से अधिक स्थानीय ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। इनमें से अधिकतर महिलाएं अपने गांवों से ही निर्माण कार्य में सक्रिय हैं जबकि कुछ महिलाएं हस्तशिल्प केंद्र में फिनिशिंग कार्य में योगदान कर रहीं हैं। आने वाले समय में उत्पादों की डिज़ाइन रेंज को विस्तृत करने, फेस्टिव कलेक्शन लाने व स्कूल कॉलेज छात्रों के लिए क्राफ्ट वर्कशॉप आयोजन की योजना बनाई जा रही है। बोकारो हैंडीक्राफ्ट सेंटर ग्रामीण प्रतिभा को मंच देने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में समर्पित है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।