पिटाई से मौत के बाद शव के साथ थाना का घेराव, दो लोग भेजे गए जेल
नावाडीह के कडरूखुट्टा में आदिवासी महिला से दुष्कर्म का प्रयास हुआ। आरोपी अब्दुल कलाम की पिटाई से मौत के बाद, परिवार ने थाना का घेराव किया। विधायक और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों...

नावाडीह, प्रतिनिधि। नावाडीह के ऊपरघाट स्थित पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के पेंक पंचायत के कडरूखुट्टा में बीते गुरुवार को आदिवासी महिला से दुष्कर्म का प्रयास के बाद यहीं के आरोपी अब्दुल कलाम की पिटाई से मौत के मामले में दूसरे दिन शुक्रवार को शव के साथ एक पक्ष ने थाना का घंटों का घेराव किया। अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट से पोस्टमार्टम होने के बाद जब शव दोपहर को गांव आया तो सीधे थाना पर ले जाया गया। वहीं घेराव को देखते हुए थाना का गेट लगा दिया गया। तब गेट के बाहर से ही हो-हल्ला व न्याय की मांग की गई। करीब तीन-चार घंटे तक यह घेराव किया गया।
पहुंचे विधायक व एसडीएम : घेराव की सूचना मिलने पर डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो भी पहुंचे। वहीं प्रशासन की ओर से बेरमो एसडीएम मुकेश मछुवा तथा नावाडीह सीओ अभिषेक कुमार व बीडीओ प्रशांत कुमार हेम्ब्रम आए। जबकि पुलिस की ओर से मुख्य रूप से बेरमो पुलिस अंचल निरीक्षक नवल किशोर सिंह थे। मामले में वार्ता की गई जिसमें मृतक पक्ष सहित अन्य लोग भी शामिल थे। मुखिया सूखमती देवी, पसंस नवीन सोरेन, पूर्व पसंस गुरु प्रसाद पटेल, समाजसेवी सह झामुमो नेता मो खुर्शीद आलम, समाजसेवी मंजूर आलम, कुतुबुद्दीन अंसारी, टेकलाल सिंह, भुनेश्वर राम आदि शामिल थे। दो व्यक्तियों को भेजा जेल : हालांकि इस घटना में दोनों तरफ से मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की पिटाई से मौत के बाद दर्ज मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए पेंक नारायणपुर थाना की पुलिस ने अभियुक्त कड़रुकुट्टा निवासी बहाराम मुर्मू व रूपन मुर्मू को गिरफ्तार कर तेनुघाट जेल भेज दिया है। शेष की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापामारी कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।