Deoghar Ration Card KYC Deadline Approaches Thousands Face Long Queues and Biometric Issues बोले देवघर: आधार केंद्रों की संख्या बढ़े तो घटेगी भीड़, Deogarh Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsDeogarh NewsDeoghar Ration Card KYC Deadline Approaches Thousands Face Long Queues and Biometric Issues

बोले देवघर: आधार केंद्रों की संख्या बढ़े तो घटेगी भीड़

देवघर में राशन कार्ड केवाईसी की अंतिम तिथि 31 मार्च है। लोग आधार केंद्र पर जाकर अपना राशन कार्ड लिंक करवा रहे हैं, लेकिन लंबी कतारों और बायोमेट्रिक समस्याओं के कारण उन्हें परेशानी हो रही है। महिलाओं...

Newswrap हिन्दुस्तान, देवघरThu, 27 March 2025 07:07 PM
share Share
Follow Us on
बोले देवघर: आधार केंद्रों की संख्या बढ़े तो घटेगी भीड़

देवघर में राशन कार्ड केवाईसी की अंतिम तिथि 31 मार्च तय की गई है। इस वजह से हजारों लोग आधार केंद्र पहुंच रहे हैं, ताकि वे समय पर अपने आधार से राशन कार्ड को लिंक करवा सकें। लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण कई लोगों का नंबर नहीं आ रहा है। कई लोगों की बायोमेट्रिक पहचान नहीं हो पा रही है, जिससे उनके फिंगरप्रट्िंस स्कैन नहीं हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें आधार अपडेट करवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। राशन कार्ड धारकों का कहना है कि आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए वे सुबह से कतार में लगे होते हैं, लेकिन शाम होते-होते उन्हें बताया जाता है कि आज उनकी बारी नहीं आ पाएगी। इसके कारण उन्हें बार-बार आधार केंद्र आना पड़ रहा है, जिससे उनकी रोजमर्रा की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।

देवघर जिले में आधार कार्ड से जुड़े कामों को कराने के लिए लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। देवघर सदर प्रखंड परिसर स्थित बीआरसी भवन में आधार केंद्र पर लंबी कतारें देखी जा रही है। आधार केंद्र खुलने से पहले ही सुबह करीब 8 से 9 बजे से लोग कतार में लगना शुरू कर देते हैं। जिले में कई आधार केंद्र बंद हो चुके हैं, जिसके कारण सिर्फ कुछ केंद्रों पर लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। आधार कार्ड सुधार और नए आधार कार्ड बनाने के लिए लोग सुबह से ही कतार में खड़े हो जाते हैं। लेकिन दिनभर लाइन में लगे रहने के बावजूद अधिकांश लोग मायूस होकर घर लौटने को मजबूर हैं। केंद्र में इतनी भीड़ है कि लाईन में खड़े बुजुर्गों व बच्चों की गर्मी से तबीयत खराब होने लगती है। इस दौरान कुछ बच्चे बेहोश होकर भी गिर पड़े। आधार का कार्ड बनाने व उसमें सुधार करने को लेकर हो रही समस्याओं को लेकर देवघर सदर प्रखंड परिसर स्थित बीआरसी भवन में संचालित आधार केंद्र पर मौजूद लोगों ने अपनी समस्याओं व उसके समाधान को लेकर अपनी-अपनी बात रखी।

महिला लाभार्थियों की बढ़ती संख्या के कारण आधार अपडेट में आ रही दिक्कतें: देवघर में चल रही मंईयां सम्मान योजना और राशन कार्ड केवाईसी के कारण बड़ी संख्या में महिलाएं आधार केंद्रों पर पहुंच रहीं हैं। कई महिलाओं के आधार कार्ड में त्रुटियां हैं, जिसके कारण उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। नाम की स्पेलिंग गलत होने, आधार में मोबाइल नंबर अपडेट न होने, बायोमेट्रिक न मिल पाने जैसी समस्याओं के कारण महिलाओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सरकार ने मईया सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खाते में आर्थिक सहायता राशि भेजने की योजना बनाई है, लेकिन आधार कार्ड में गड़बड़ी के चलते उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसी कारण भारी संख्या में महिलाएं अपना आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए आधार केंद्र पर पहुंच रही हैं। लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें लाईन में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। यहां तक कि कुछ लोग दिनभर लाईन में रहने के बाद भी मायूस होकर बिना काम हुए वापस लौट जाते हैं।

काम नहीं होने के कारण लोगों की दिनचर्या भी हो रही है

प्रभावित: आधार क्रेंद्र पर घंटों इंतजार करने के बाद भी लोगों का

काम नहीं हो रहा है। कई लोग तो आधार में सुधार कराने के लिए 2 से 3 दिनों से चक्कर लगा रहे हैं। इससे न सिर्फ उनका समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि उनकी दिनचर्या और काम भी पूरी तरह से प्रभावित

हो रही है। महिलाओं का भी दिनभर समय बर्बाद हो रहा है। इसके कारण उन्हें बच्चों को स्कूल भेजने सहित घर के कार्य में परेशानी हो रही है।

प्रशासन को ठोस कदम उठाने की मांग: देवघर में आधार केंद्रों की कमी के कारण लोग बेहद परेशान हैं। लंबी कतारें, गर्मी, अव्यवस्था और धीमी कार्यप्रणाली के चलते लोगों को दिनभर लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। विशेष रूप से महिलाएं और बुजुर्ग इस स्थिति से अधिक प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन को जल्द ही और आधार केंद्र खोलने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि जिले के सभी लोगों को समय पर आधार से संबंधित सेवाएं मिल सकें और वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

सुझाव

1. अतिरिक्त आधार केंद्र खोलना: बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन को नए आधार केंद्र खोलने चाहिए ताकि लोगों को अधिक परेशानी न हो।

2. भीड़ अधिक होने के कारण परेशानी: लोग सुबह से लाइन में लगते हैं, लेकिन शाम तक भी उनका काम नहीं हो पाता।

3. महिलाओं को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा: आधार में त्रुटियों के कारण कई महिलाओं को मईया सम्मान योजना का लाभ नहीं मिल रहा।

4. राशन कार्ड केवाईसी की प्रक्रिया धीमी: 31 मार्च तक केवाईसी पूरा करना है, लेकिन आधार केंद्रों की कमी से यह मुश्किल हो रहा है।

5. गर्मी व अव्यवस्था से बच्चों व बुजुर्गों को परेशानी: इंतजार व उचित सुविधाओं की कमी के कारण कई बच्चे बेहोश हो रहे हैं व बुजुर्गों को दिक्कत हो रही है।

शिकायतें

1. महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था: महिलाओं की अधिक संख्या को देखते हुए उनके लिए अलग लाइन या विशेष आधार केंद्र की व्यवस्था करनी चाहिए।

2. बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधा: बुजुर्गों और दिव्यांगों को बिना लंबी लाइन में लगे अपना आधार अपडेट करवाने की सुविधा मिलनी चाहिए।

3. सिस्टम और तकनीकी सुधार: आधार केंद्रों में सर्वर और बायोमेट्रिक मशीन की समस्याओं को दूर करने के लिए तकनीकी सुधार किए जाने चाहिए।

4. टेंट व पानी की व्यवस्था हो: गर्मी के कारण लोगों को परेशानी हो रही है, इसलिए टेंट व पानी की व्यवस्था हो।

5. तकनीकी समस्याओं के कारण आधार अपडेट में देरी: सर्वर स्लो होने और बायोमेट्रिक मशीन काम न करने की वजह से लोगों का काम अटक रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।