विश्व पृथ्वी दिवस पर संगोष्ठी सह क्विज प्रतियोगिता
विश्व पृथ्वी दिवस पर देवघर सेंट्रल स्कूल में संगोष्ठी और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य ने पर्यावरण प्रदूषण की गंभीरता पर चर्चा की। बच्चों ने वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के...

देवघर,प्रतिनिधि। विश्व पृथ्वी दिवस पर मंगलवार को देवघर सेंट्रल स्कूल में संगोष्ठी सह क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संगोष्ठी सह क्विज प्रतियोगिता की शुरुआत करते हुए स्कूल के प्राचार्य ने कहा कि सभ्यता के विकास की सीढ़ी चढ़ते-चढ़ते हमनें अपने लिए अनेकानेक समस्याएं पैदा कर ली है। परिणामतः हम अपने ही बनाए चक्रव्यूह में फंस गए हैं। ऐसी ही एक वैश्विक ज्वलंत समस्या पर्यावरण प्रदूषण है। इसके चलते हमारे जीवन की मूलभूत जरूरतों यथा हवा, पानी, जमीन सब कुछ दूषित हो गए हैं। अब यह एक लाइलाज बीमारी बन गई है, जिसका कोई स्पस्ट समाधान नहीं दिख रहा है। इस तरह यह नील ग्रह पृथ्वी दिन प्रतिदिन हमारे लिए अनुपयुक्त होती जा रही है। इन्हीं बातों को ध्यान में रख कर हमारे पर्यावरणविदों ने 22 अप्रैल को हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय पृथ्वी दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया है। प्रत्येक वर्ष 1970 से लगातार विभिन्न विषयों पर यह दिवस आयोजित की जाती है। मौके पर आशीष यादव ने कहा कि सभ्यता की दौड़ में अपनी गति बनाए रखने के लिए हमने स्वयं ही पृथ्वी का पर्यावरण संतुलन बिगाड़ कर रख दिया है। किशन कुमार व हर्ष ने कहा कि हमें हर हाल में पृथ्वी को बचाना है। आर्यन राज ने इस वर्ष का थीम हमारी शक्ति, हमारी पृथ्वी पर बोलते हुए गैर परंपरागत ऊर्जा स्रोतों के इस्तेमाल पर जागरूक करने के लिए अधिक शक्ति केंद्रित करने की जरूरत बताया। अन्य बच्चों ने भी भाषण के माध्यम से अपना विचार व्यक्त किया। वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों यथा सोलर एनर्जी, विंड एनर्जी, जियोथर्मल एनर्जी, टाइडल एनर्जी के क्षेत्र विशेष में अधिकाधिक इस्तेमाल के लिए सुविधा उपलब्ध कराने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री झारखंड को बच्चों ने एक अनुरोध पत्र भी प्रेषित किया। इस दौरान जागरूकता के लिए बच्चों ने रंग-बिरंगे पोस्टर का भी निर्माण किया था। मौके पर क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सृजा, आकांक्षा, सोनम, जोया, श्रद्धा व अन्य का विशेष योगदान रहा। इस बात की जानकारी मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार पांडेय ने दी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।