ऋत्विका सोम चौधुरी को सितारा देवी स्मृति नृत्यांगना पुरस्कार प्रदान करने का निर्णय
अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस 29 अप्रैल को मनाया जाता है। इस वर्ष देवघर में कोलकाता की ऋत्विका सोम चौधुरी को सितारा देवी स्मृति नृत्यांगना पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार ओमसत्यम् इंस्टिट्यूट...

देवघर,प्रतिनिधि। अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अप्रैल को विश्व स्तर पर मनाया जाता है। अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस की शुरुआत 29 अप्रैल 1982 से हुई। यूनेस्को की सहयोगी अंतर्राष्ट्रीय रंगमंच संस्था की सहयोगी अंतर्राष्ट्रीय नाच समिति ने 29 अप्रैल को नृत्य दिवस के रूप में स्थापित किया। एक महान रिफॉर्मर जीन जार्ज नावेरे की स्मृति में यह दिन अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। स्थानीय ओमसत्यम् इंस्टिट्यूट ऑफ फिल्म, ड्रामा एंड फाइन आर्ट्स एवं विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के युग्म बैनर तले त्रिदिवसीय कार्यक्रम अंतर्गत 27 अप्रैल को देवघर में कोलकाता की ऋत्विका सोम चौधुरी को ओमसत्यम इंस्टिट्यूट के निदेशक सह विवेकानन्द संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव द्वारा सितारा देवी स्मृति नृत्यांगना पुरस्कार की मानद उपाधि से अलंकृत किया जाएगा। संगीत नाटक अकादमी सम्मान पद्मश्री से सम्मानित सितारा देवी भारत की प्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना थीं। जब वे मात्र 16 वर्ष की थीं, तब उनके नृत्य को देखकर रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने उन्हें नृत्य सम्राज्ञी कहकर संबोधित किया था। उन्होंने भारत तथा विश्व के विभिन्न भागों में नृत्य का प्रदर्शन किया। स्व. समर सोम चौधुरी एवं रीना सोम चौधुरी की कन्या ऋत्विका को पापा एवं मम्मी ऋतु कहकर पुकारते थे। उनका जन्म 29 सितंबर, 1975 को बांकुड़ा में हुआ था। उन्होंने अलीपुर मल्टीपरपोज़ गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल से माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक बोर्ड की पढ़ाई पूरी की। उसके बाद उन्होंने योगमाया देवी कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की एवं तत्पश्चात इग्नू से टूरिज्म स्टडीज की पढ़ाई की। सन 1992 में ज्ञान मंच पर उन्होंने पहली नृत्य प्रस्तुति दी। उन्होंने असीम बंधु भट्टचार्य, पंडित बिरजू महाराज, विदुषी सास्वती सेन से नृत्य का प्रशिक्षण प्राप्त किया। उनके पति अरिंदम मित्र उनका हमेशा साथ देते हैं। देश-विदेश में अपनी नृत्य की प्रस्तुति से उन्होंने एक खास पहचान बनाई हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।