प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष बने सुरेश चंद्र अग्रवाल
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष चुनाव में सुरेशचंद्र अग्रवाल ने 499 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की। उन्होंने वर्तमान अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल को हराया। सुरेशचंद्र को 1851 वोट मिले, जबकि...

धनबाद, वरीय संवाददाता झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष चुनाव का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया है। रांची के सुरेशचंद्र अग्रवाल 499 मतों के भारी अंतर से विजयी घोषित हुए। सुरेशचंद्र ने वर्तमान अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल को बड़े अंतर से पराजित किया। मतगणना के अनुसार सुरेशचंद्र को 1851 वोट और बसंत मित्तल को 1352 वोट मिले। 66 वोट रद्द हो गए थे।
सुरेशचंद्र को धनबाद से सर्वाधिक वोट
चुनाव के लिए पूरे राज्य को छह प्रमंडल में बांटा गया था। विजेता रहे सुरेशचंद्र अग्रवाल को सर्वाधिक मत धनबाद प्रमंडल से ही प्राप्त हुए। मालूम हो कि धनबाद में गड़बड़ी का आरोप लगाकर रद्द कर दिया गया था। बाद में यहां पुनर्मतदान कराया गया। हजारीबाग प्रमंडल में विजेता सुरेश चंद्र अग्रवाल को 180 वोट जबकि बसंत मित्तल को 129 मत मिले। यहां पांच वोट रद्द हुए। इसी तरह पलामू प्रमंडल में सुरेशचंद्र को 19 और बसंत मित्तल को 28 वोट मिले। दो वोट रद्द हुए। वहीं संताल परगना में सुरेशचंद्र को 181 और बसंत को 229 वोट प्राप्त हुए। धनबाद प्रमंडल (पुनः मतदान के बाद) सुरेशचंद्र को 616 वोट और बसंत को 180 वोट मिले। 26 वोट रद्द हो गए। कोल्हान प्रमंडल में सुरेशचंद्र 434 वोट और बसंत को 509 वोट, रद्द 24 वोट हुए। रांची प्रमंडल में सुरेशचंद्र को 421 वोट और बसंत को 277 वोट मिले। सात वोट रद्द हुए।
धनबाद का जताया आभार
धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल, पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल एवं रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन अध्यक्ष ललित पोद्दार ने बयान जारी कर कहा कि सुरेशचंद्र अग्रवाल की अभूतपूर्व जीत से ऐसा प्रतीत होता है कि वह समाज को जोड़ने की प्रवृत्ति रखते हुए समाज को एक नई दिशा प्रदान करेंगे। मारवाड़ी समाज के गौरवमयी इतिहास को पुनः स्थापित करेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।