जंगल से भटक हिरण ने कुएं में लगाई छलांग
झारखंड के जमुआ प्रखंड के जरीडीह गांव में एक हिरण कुएं में गिर गया। ग्रामीणों ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर वन विभाग को सूचित किया गया। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से हिरण...

झारखंडधाम। जमुआ प्रखंड के जरीडीह (दुम्मा) गांव के एक कुएं में शुक्रवार की सुबह एक हिरण ने छलांग लगा दिया। हिरण को निकालने की ग्रामीणों ने हर संभव कोशिश की। जब हर कोशिश नाकाम हुई तो वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों की मदद से हिरण को कुएं से सुरक्षित निकाला।वन विभाग ने हिरण को फिलहाल अपने कब्जे में रखा है। हुआ यह था कि जंगल से भटककर हिरण सुबह जरीडीह गांव आ गया। कुछ युवाओं और बच्चों ने कौतूहल वश हिरण को पकड़ना चाहा तो हिरण कुलांचे भरने लगा। इसी क्रम में पंचायत सचिवालय के बगल में इतवारी महतो के कुएं में छलांग लगा दिया। पूर्व मुखिया रमेश कुमार कुशवाहा, मुखिया प्रतिनिधि राजीव रंजन, ग्रामीण राधेश्याम यादव, नरेश, अशोक, सुधीर, महादेव महतो, पीतांबर पांडेय, मिथिलेश वर्मा,लीलो तुरी आदि ने हिरण को सुरक्षित निकालने में वन विभाग की मदद की और इन्होंने ही वन विभाग को खबर भी किया। वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी सुरेश राम ने कहा कि बहरहाल हिरण का इलाज चल रहा है। कहा कि एक दो दिन में हिरण जब स्वस्थ हो जाएगा तो जंगल में ले जाकर छोड़ दिया जाएगा। कहा कि कुएं में कूदने से हिरण को मामूली चोटें आई हैं।सामान्य इलाज के बाद वह स्वस्थ हो जाएगा।तब उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ दिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।