Violence Erupts in Tisri 15 Arrested After Protest Against CO तिसरी में बवाल के मामले में 15 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा, Gridih Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsGridih NewsViolence Erupts in Tisri 15 Arrested After Protest Against CO

तिसरी में बवाल के मामले में 15 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा

तिसरी के प्रखंड सह अंचल कार्यालय में धरना दे रहे किसान जनता पार्टी के लोगों ने उग्र होकर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की। पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि कई पुलिसकर्मी घायल हुए। घटना के बाद बीडीओ...

Newswrap हिन्दुस्तान, गिरडीहTue, 29 April 2025 07:06 PM
share Share
Follow Us on
तिसरी में बवाल के मामले में 15 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा

तिसरी। तिसरी के प्रखंड सह अंचल कार्यालय में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी करने के आरोप में तिसरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 महिला और पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दिया है। इनमें से एक किजपा के जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह का पुलिस की निगरानी में धनबाद में इलाज चल रहा है। वहीं तिसरी पुलिस अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। बता दें कि किसान जनता पार्टी के लोग रजिस्टर टू की छायाप्रति की मांग को लेकर 10 अप्रैल से तिसरी के प्रखंड सह अंचल कार्यालय के बाहर धरना दे रहे थे। इसी दौरान सोमवार को सीओ के अंचल कार्यालय आने के कुछ ही देर बाद धरनार्थी उग्र हो गए। आरोप है कि इसके बाद कई लोग सीओ के चैम्बर में घुसकर अन्दर से दरवाजा बंद कर दिया और सीओ को बंधक बनाकर उनसे हिंसक झड़प करने लगे, जबकि बाहर धरना पर बैठे अन्य लोगों ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय के मुख्य गेट में ताला जड़ दिया। इसकी जानकारी मिलने के उपरांत बीडीओ मनीष कुमार द्वारा तिसरी पुलिस को इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद बीडीओ मनीष कुमार, थाना प्रभारी रंजय कुमार व एसआई नन्द जी राय महिला पुलिस व पुलिस जवानों के साथ प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे।

इस दौरान बतौर दंडाधिकारी तिसरी बीडीओ के आदेश पर कार्यालय के मुख्य गेट का ताला और सीओ के चैम्बर का दरवाजा तोड़ा गया। तब जाकर सीओ को बचाया जा सका। लेकिन सीओ को सुरक्षित बाहर निकालने के क्रम में ही उग्र लोग पुलिस से उलझ गए और दोनों ओर से धक्का-मुक्की होने लगी। इसके बाद कुछ ही पल में अंचल कार्यालय परिसर रणभूमि में तब्दील हो गया। धरना पर बैठे लोग हिंसक हो गए और अंधाधुंध ईंट व पत्थर चलाने लगे और अंचल कार्यालय में तोड़फोड़ करने लगे। वहीं उग्र लोगों ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय के बाहर खड़ी सीओ और पुलिस की गाड़ी सहित कई स्थानीय लोगों के चार पहिया वाहन और बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को मामूली बल का प्रयोग करना पड़ा। तब जाकर मामला नियंत्रित हो पाया।

उग्र लोगों द्वारा किए गए पथराव से तिसरी के बीडीओ मनीष कुमार व थाना प्रभारी रंजय कुमार सहित एसआई नन्द जी राय, महिला कांस्टेबल शकुंतला बेहरा, मिलिया मरांडी तथा पुलिस जवान मिलन मिश्रा, मनीष दास, अनुज यादव और राहुल यादव घायल हो गए हैं। इस पथराव की घटना में बीडीओ मनीष कुमार और थाना प्रभारी रंजय कुमार का सिर फट गया है। वहीं शकुंतला बेहरा और नन्द जी राय के सिर, हाथ और सीना में गंभीर रूप से चोट लगी है। वहीं दूसरी ओर किजपा के अवधेश सिंह, भागीरथ राय सहित चार लोग घायल हुए हैं। इस सिलसिले में बीडीओ मनीष कुमार के लिखित आवेदन पर तिसरी थाना में कई नामजद सहित कुल 250 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इधर घटना के दूसरे दिन भी प्रखंड सह अंचल कार्यालय सहित अन्य स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस तैनात रही।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।