डीएवी में विद्यार्थियों को दिया गया अग्निशमन का प्रशिक्षण
जामताड़ा,प्रतिनिधि। सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा में जिला अग्निशमन विभाग, जामताड़ा की ओर

जामताड़ा। सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा में जिला अग्निशमन विभाग, जामताड़ा की ओर से अग्निशमन का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक के रूप में श्री सुधीर कुमार सिंह, अग्निशामालय पदाधिकारी, श्री कमलेश कुमार सिंह, प्रधान अग्निक चालक एवं श्री विजय उरांव, अग्निक चालक उपस्थित थे। पदाधिकारियों ने ज्वलनशील पदार्थों की पहचान, विपत्ति की स्थिति में उनसे बचाव, पदार्थों के रखरखाव एवं आग लग जाने पर किए जाने वाले उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी एवं प्रयोग करके विद्यार्थियों को दिखाया। उन्होंने कारखानों के लिए सुरक्षा उपायों के तहत बताया कि कारखानों में उपकरणों के रखरखाव के उच्च मानकों का अनुपालन होना चाहिए। कूड़ादान ढका हो एवं उसकी नियमित सफाई होनी चाहिए। ज्वलनशील सामग्री को अग्निस्रोत से दूर रखें। निकास द्वार बड़े एवं मुक्त होने चाहिए। प्रतिक्रियाशील रसायनों को अलग-अलग रखना चाहिए। तेल या गैस रिसाव को तुरंत रोकना एवं फैली सामग्री को तुरंत हटाना चाहिए। धूम्रपान पूर्णतया प्रतिबंधित होना चाहिए। विद्युत उपकरण मानक के अनुसार हों एवं मरम्मत कार्य कुशल एवं प्रशिक्षित कर्मियों से ही करवाए जाएँ। बहुविकल्पी कनेक्शन से बचना चाहिए एवं क्षतिग्रस्त तार/उपकरणों का उपयोग नहीं करना चाहिए।
प्राचार्य डॉक्टर विजय कुमार ने विद्यार्थियों को समझाया कि यह प्रशिक्षण मानवीय सुरक्षा के लिए बहुत कारगर है। विद्यार्थियों को अपने आसपास, घरों में इन मानकों का अनुपालन करना चाहिए एवं पड़ोसियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। विषमकालीन स्थिति में सर्वथा सजग रहते हुए उपचार के उपायों पर बल देना चाहिए। आजकल आग लगने की घटनाएँ बहुत अधिक हो रही हैं। इनसे बचने के लिए सावधानी बहुत जरूरी है। इस अवसर पर विद्यालय के शारीरिक प्रशिक्षक श्री अभिषेक कुमार दुबे श्री तपन कुमार यादव, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं अन्य शिक्षक उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।