झारखंड में मौसम का कहर! तेज बारिश और आंधी में 6 की मौत; अगले 2 दिन फिर ऑरेंज अलर्ट
झारखंड का मौसम पूरी तरह बदला हुआ है। मई महीने में बारिश और तूफानी हवाओं ने शुक्रवार को प्रदेश में 6 जानें ले लीं। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बीते कुछ दिनों से झारखंड का मौसम बदला हआ है। कई जिलों में बारिश और तेज आंधी कहर बनकर सामने आई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गुरुवार को आंधी, ओलावृष्टि के बीच ठनका गिरने से छह व्यक्तियों की मौत हो गई। इनमें हजारीबाग में एक, गिरिडीह में एक, धनबाद में एक, लोहरदगा में एक, रामगढ़ में एक और लातेहार में एक व्यक्ति की मौत कहीं ठनका की चपेट में आने से तो कहीं पेड़ गिरने से दबकर हो गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए एक और मुसीबत का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पलामू में आंधी के दौरान ओलावृष्टि भी हुई, जिससे वहां की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। सब्जी और फलों को ज्यादा नुकसान पहुंचा है। यहां हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे रही। कई जगह आंधी से घरों के छप्पर उड़ गए। कई जगहों पर बड़े-बड़े वृक्ष धराशायी होकर सड़क पर गिरे, जिससे यातायात अवरुद्ध हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को भी पलामू प्रमंडल के जिलों को छोड़कर शेष झारखंड में आंधी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राज्य में 10 के बाद प्री मानसून की गतिविधि में कमी आएगी और गर्मी बढ़ेगी। राज्य के उत्तर पश्चिमी भाग खासकर पलामू में हवा की रफ्तार 60 किमी प्रतिघंटे रही। वहीं राज्य में सबसे अधिक बारिश दुमका में 94.2 मिमी दर्ज की गई। मेदिनीनगर में 40.8, धनबाद में 38, रांची में 25.4, बोकारो में 25, रामगढ़ और हजारीबाग में 24 मिमी समेत अन्य जगहों पर हल्के से मध्य दर्जे की बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा वृद्धि होने की संभावना नहीं है। हालांकि राज्य के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं वज्रपात भी संभव है।