झारखंड के मौसम पर बड़ा अपडेट, अगले 2 दिन होगी झमाझम बारिश; तूफानी हवाओं का ऑरेंज अलर्ट
Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग ने अगल दो दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश और तूफानी हवाओं के चलने का अलर्ट जारी किया है।

Jharkhand Weather: रांची समेत झारखंड में अगले दो दिन आंधी-बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। इसे लेकर रांची में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। वहीं, संताल परगना के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। राज्य में मौसम बदलाव के कारण अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव आने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में बुधवार को भी आंधी-बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात हुआ। इसमें राज्य के पलामू व संताल समेत आसपास के जिले शामिल हैं। इनमें देवघर में सबसे अधिक 46.5 मिमी बारिश हुई। जबकि, गोड्डा में 14.0, हजारीबाग में 5.0, लातेहार में 23.0, पलामू में 5.8 मिमी समेत लोहरदगा, सिमडेगा, जामताड़ा आदि जगहों पर बारिश हुई।
मौसम में बदलाव के कारण रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों का तापमान सामान्य औसत से नीचे रहा। रांची का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, मेदिनीनगर का तापमान सर्वाधिक 40.3 डिग्री रहा। रांची में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आंधी-बारिश का दौर अगले पांच दिनों तक जारी रह सकता है। पंजाब से लेकर बांग्लादेश के पूर्वी भाग तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। यह विभिन्न राज्यों व झारखंड से गुजर रही है। इससे मौसम खिलते ही बादल छा रहे हैं और तेज हवा के साथ बारिश हो रही है।
जिलों के तापमान
जिले अधिकतम
मेदिनीनगर 40.3
सरायकेला 39.8
गढ़वा 39.0
चाईबासा 38.0
जमशेदपुर 37.7
रांची 34.5
देवघर 34.3
बोकारो 34.1
झारखंड के मौमस को लेकर जानकारी देते हुए मौसम वैज्ञानिक अभिषेक ने बताया कि राज्य में अगले दो दिन के दौरान आंधी-बारिश होने का दौर जारी रह सकता है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले पांच दिन तक राज्य में मौसम में बदलाव के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है।