झारखंड में आज झमाझम बारिश, इन जिलों में तेज हवा के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट; 4 दिन कैसा रहेगा मौसम
- Jharkhand Weather: रांची समेत पूरे झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान (बुधवार को) ओलावृष्टि और तूफानी हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। इस बीच कुछ जगहों पर वज्रपात के साथ 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

Jharkhand Weather: रांची समेत पूरे झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान (बुधवार को) ओलावृष्टि और तूफानी हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस बीच कुछ जगहों पर वज्रपात के साथ 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में रांची समेत पूरे राज्य के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बुधवार की सुबह रांची समेत पूरे राज्य में ओलावृष्टि के साथ आंधी चल सकती है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कहीं कहीं वज्रपात भी हो सकता है। इसके बाद अगले चार दिन तक तेज हवा के साथ बारिश होने का क्रम जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में अच्छी बारिश हुई है। सबसे अधिक बारिश धनबाद के पुटकी में 93 मिमी रिकॉर्ड की गई। वहीं, बोकारो में 49.8 मिमी, गिरिडीह में 47.2, नाला में 45.5, रामगढ़ में 33.0, हजारीबाग में 24.2 मिमी बारिश हुई, जबकि रांची स्थित कांके में 14.2 मिमी बारिश हुई।
बारिश होने के कारण राज्य में मौसम ठंडा हो गया है। रांची का अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान चार डिग्री और अधिकतम तापमान सामान्य औसत तापमान से दो डिग्री नीचे आ गया है। यहां रात के दौरान ठंड का अहसास हो रहा है। पूरे राज्य में अधिकतम तापमान में दो से लेकर छह डिग्री तक की गिरावट हुई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर का 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
जिलों के अधिकतम तापमान डिग्री में
रांची 33.8
जमशेदपुर 33.0
मेदिनीनगर 36.6
बोकारो 32.1
चाइबासा 32.4
गढ़वा 34.5
सरायकेला 35.7
गोड्डा 34.3
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत पूरे झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान ओलावृष्टि के साथ आंधी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कहीं कहीं ठनका गिरने की भी संभावना है। अगले चार दिनों के दौरान यह क्रम जारी रहेगा और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।