सीटू ने अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया,शहीदों को दी श्रद्धाजंलि
सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन के बैनर तले गुरूवार को वीर कुंवर सिंह पार्क,झुमरीतिलैया में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया गया। आंगनबाड़ी यूनियन की प्र

कोडरमा, संवाददाता। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन के बैनर तले गुरुवार को वीर कुंवर सिंह पार्क, झुमरीतिलैया में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया गया। आंगनबाड़ी यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष मीरा देवी ने लाल झंडा फहराया। इस दौरान शिकागो के शहीदों को लाल सलाम, दुनिया के मजदूरों एक हो, मजदूर विरोधी लेबर कोड वापस लो, साम्राज्यवाद - आतंकवाद हो बर्बाद आदि नारे लगाते हुए श्रद्धांजलि दी गई। सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने कहा कि अमेरिका के शिकागो शहर में तीन मई 1886 को करीब 40 हजार मजदूर आठ घंटे की काम के लिए सड़कों पर उतर आए और पुलिस ने भूखे-प्यासे मजदूरों पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।
इसमें आठ मजदूर शहीद हो गए। उसी समय खून से सने उन मजदूरों के कपड़ो को लाल परचम बना कर आसमान की तरफ लहरा दिया और तब से ही दुनिया भर में मई दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि रोजगार की नियमितता जो अधिकार हुआ करती थी, ठेका मजदूरी में बदलते- बदलते अब आउटसोर्स कर रहे हैं,जिन्हें लोकतांत्रिक अधिकार तो दूर की बात, ट्रेड यूनियन बनाने, मुनाफे में अपना हिस्सा बढ़वाने के मूलभूत अधिकार भी लगभग स्थगित कर दिए गए हैं। दमन की तीव्रता सभी मानवाधिकारों का अतिक्रमण कर रही है और मेहनतकश ही नहीं, हर तरह की असहमति और अभिव्यक्ति को दबाया जा रहा है। मजदूरों को गुलाम बनाने के उद्देश्य से चार लेबर कोड लाया गया है,जिसके जरिए काम के निर्धारित घंटे, ट्रेड यूनियन,हड़ताल का अधिकार, यूनियनों की मान्यता, न्यूनतम वेतन, पीएफ, पेंशन, बोनस जैसे अधिकार छीनने की साजिश है। जिला सचिव रमेश प्रजापति ने कहा कि मेहनतकश अपनी नौकरी, वेतन के लिए कड़ी मेहनत से प्राप्त अधिकारों पर शासक वर्ग के हमले के खिलाफ बहादुरी से लड़ रहा है। सीटू जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश ने आठ घंटे काम करने, जीवन यापन और सामाजिक सुरक्षा पर उनके लम्बे संघर्षों से हासिल अधिकारों को खत्म करने की साजिश का मुकाबला करने का आह्वान किया। केन्द्र की जनविरोधी,मजदूर विरोधी नीतियों और लेबर कोड के खिलाफ सीटू सहित 10 केन्द्रीय ट्रेड यूनियनों,केन्द्र औ राज्य के कर्मचारी फेडरेशनों के संयुक्त आह्वान पर 20 मई को देशव्यापी हड़ताल कोडरमा में ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया। अध्यक्षता सीटू के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश ने की। कार्यक्रम में बीएसएसआर यूनियन अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता, सचिव दिलीप कुमार सिन्हा, निर्माण कामगार यूनियन के राजेन्द्र पासवान, नागेश्वर दास, अशोक रजक सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।