गिरीडीह में 3 बच्चों को लेकर कूएं में कूद गई महिला, सभी बच्चों की मौत; मां की हालत गंभीर
गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के खसलोडीह गांव में कथित रुप से पति के साथ हुए विवाद के बाद शुक्रवार को एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ एक सिंचाई कूप में छलांग लगा दी। घटना में तीन बच्चों की मौत हो गई है।

गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के खसलोडीह गांव में कथित रुप से पति के साथ हुए विवाद के बाद शुक्रवार को एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ एक सिंचाई कूप में छलांग लगा दी। जिसमें तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गम्भीर रूप घायल महिला आरती देवी (30) को उपचार के लिए गिरिडीह ले जाया गया है। मृतकों में सोनू चौधरी के छह वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार, चार वर्षीय पुत्री रानी कुमारी एवं दो वर्षीय पुत्री फूल कुमारी शामिल है।
इस सम्बंध में बताया गया कि सोनू चौधरी हैदराबाद में मजदूरी कर परिवार चलाता है। करीब एक माह पूर्व वह अपने चचेरे भाई की शादी समारोह में भाग लेने के लिए गांव आया हुआ था। बताया गया कि गुरुवार रात किसी बात को लेकर पत्नी से उसकी कथित रुप से कहा सुनी हो गई। उसी बात को लेकर शुक्रवार करीब 11 बजे दिन पत्नी आरती देवी अपने तीन मासूम बच्चों को साड़ी की पल्लू में बांधकर घर से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत स्थित सिंचाई कूप में छलांग लगा दी।
कुछ देर बाद स्कूली बच्चों ने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना के बाद ग्रामीण सिंचाई कूप के पास पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद महिला समेत तीनों बच्चों को कुआं से बाहर निकाला। तबतक तीनों मासूम बच्चों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार के सदस्यों के क्रंदन से क्षेत्र में कोहराम मच गया था। इस सम्बन्ध में सोनू चौधरी की माता कुसुमा देवी ने बताया कि उसका पुत्र सोनू करीब तीस दिन पूर्व हैदराबाद से अपना घर आया हुआ है। घर परिवार में सब ठीक ठाक चल रहा था। परिवार में किसी प्रकार की कहा-सुनी नहीं हुई है। सोनू चौधरी अपने रिश्तेदार के घर एक शादी समारोह में गया हुआ था। मैं भी गांव में आयोजित एक शादी में गई थी। घर में बहू आरती देवी एवं तीनों बच्चे थे। इसी दौरान शुक्रवार सुबह 11 बजे दिन में बहू आरती देवी बच्चों संग कुएं में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस निरीक्षक पास्कल टोप्पो, देवरी थाना के एसआई रिशु सिन्हा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए गिरिडीह भेज दिया है। आरती देवी तीनों बच्चों संग कुएं में छलांग क्यों लगाई यह पता नहीं लग सका है। पुलिस इंस्पेक्टर टोप्पो ने बताया कि आरती देवी क्यों कुएं में बच्चों संग कूदी अभी कुछ नहीं कह सकते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।