प्रमोशन के लिए बॉस के साथ सोने को कहा, मना करने पर पीटा; ससुरालवालों पर महिला के गंभीर आरोप
हरियाणा की एक महिला ने अपने ससुरालवालों और पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने दावा किया है उसके पति ने प्रमोशन के लिए उसके बॉस के साथ सोने को कहा। कथित तौर पर उसे दहेज के लिए भी प्रताड़ित किया गया।

हरियाणा की एक महिला ने दावा किया है कि उसे उसके पति ने प्रमोशन पाने के लिए अपने बॉस के साथ सोने को कहा। महिला ने ससुरालवालों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत के मुताबिक पति और ससुरालवालों ने उसे दहेज के लिए बुरी तरह प्रताड़ित किया। मामला हरियाणा के यमुनानगर का है। महिला ने हाल ही पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
FIR के मुताबिक महिला ने 9 दिसंबर 2020 को अरुण शर्मा नाम के युवक से शादी की थी। महिला ने बताया है कि इस शादी में उसके माता-पिता ने कथित तौर पर लगभग 6 से 7 लाख रुपये खर्च किए थे। इस दौरान महिला को सोने-चांदी के कई गहने भी मिले थे, जिसे कथित तौर पर ससुरालवालों ने रख लिया। महिला ने आरोप लगाया है कि शादी के तुरंत बाद उसका पति और उसके परिवार वाले उसे पर और दहेज देने के लिए दबाव बनाने लगे। महिला ने बताया कि ससुरालवाले उससे एक कार की मांग भी कर रहे थे।
बॉस के साथ सोने को कहा…
महिला ने बताया है कि समय के साथ स्थिति और बिगड़ती गई। महिला का आरोप है कि उसके पति ने न केवल उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया बल्कि प्रमोशन के लिए अपने ऑफिस के सीनियर के साथ संबंध बनाने की भी मांग की। कथित तौर मना करने पर उसे बुरी तरह पीटा गया और घर से निकाल दिया गया।
महिला ने कहा है कि ससुरालवालों ने उससे उसके एक साल के बेटे और ढाई साल की बेटी को भी छीन लिया। महिला के मुताबिक उसे 3 जनवरी, 2025 को एक बार फिर घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने बताया है कि महिला के पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, मानसिक क्रूरता और आपराधिक धमकी सहित कई आरोपों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।