कांग्रेस की आलोचना पर शशि थरूर की दोटूक- जैसा सही लगे करिए, मेरे पास और भी काम
शशि थरूर ने भी दोटूक जवाब दिया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'मेरी कही बातों को आलोचक और ट्रोल्स अपने तरीके से देख सकते हैं। वे तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर सकते हैं और मेरी आलोचना के लिए स्वतंत्र हैं। मेरे पास करने के लिए और भी बेहतर चीजें हैं। गुडनाइट।'

कांग्रेस सांसद शशि थरूर अपनी ही पार्टी की आलोचना के शिकार हो रहे हैं। वह केंद्र सरकार की ओर से विदेशों में भेजे गए सांसदों के प्रतिनिधिमंडलों में से एक डेलिगेशन का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने अमेरिका, गुयाना, पनामा जैसे कई देशों का दौरा किया है और भारत का मजबूती से पक्ष रखा है। इसके अलावा आतंकवाद के मामले पर पाकिस्तान की पोल भी खोली है। फिर भी कांग्रेस नेताओं की ओर से उन पर निशाना साधा जा रहा है। उन्होंने मोदी सरकार की तरफ से उरी, पुलवामा और पहलगाम आतंकी हमलों के बाद पाकिस्तान में घुसकर की गईं सर्जिकल स्ट्राइक की तारीफ की थी। इस पर कांग्रेस लीडर उदितराज ने उन पर निशाना साधा था।
यही नहीं शशि थरूर पर फायर होते हुए लिख दिया था कि आखिर आप इतने धोखेबाज कैसे हो सकते हैं। आपको जिस पार्टी ने इतना कुछ दिया है, उसी के खिलाफ कैसे जा सकते हैं। अब इस पर शशि थरूर ने भी दोटूक जवाब दिया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'मेरी कही बातों को आलोचक और ट्रोल्स अपने तरीके से देख सकते हैं। वे तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर सकते हैं और मेरी आलोचना के लिए स्वतंत्र हैं। मेरे पास करने के लिए और भी बेहतर चीजें हैं। गुडनाइट।' इसके अलावा वह लिखते हैं कि पनामा में एक सफल दिन के बाद अब हमें कोलंबिया के लिए निकलना है। इसलिए मेरे पास इन चीजों के लिए समय नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस व्यस्त समय के बाद भी मैं उन लोगों को जवाब देना चाहूंगा, जो कह रहे हैं कि मैंने पूर्व में दिखाए गए भारतीय सेना के साहस पर कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि मैंने अपने संबोधन में सिर्फ हालिया आतंकी हमलों और उस पर सेना और सरकार की ओर से दिए गए जवाब की बात कही। मेरी बात हाल में हुए आतंकी हमलों को लेकर ही थी। इससे पहले हमारी सरकारों ने एलओसी और इंटरनेशनल बॉर्डर का सम्मान करते हुए आतंकी हमलों के प्रति सधी हुई प्रतिक्रिया दी थी। यही मेरी बात थी। इसके बाद भी यदि कोई मेरी बातों को गलत ढंग से पेश करके आलोचना करना चाहता है तो वह उसके लिए स्वतंत्र है।
बता दें कि उदित राज के अलावा केरल यूनिट के भी कई नेता शशि थरूर के खिलाफ रहे हैं। उदित राज ने तो यहां तक कहा था कि शशि थरूर को पीएम मोदी को भाजपा का सुपर प्रवक्ता घोषित कर देना चाहिए। इसके अलावा बेहतर होगा कि भारत लौटने से पहले ही उन्हें विदेश मंत्री बना दिया जाए।