आपने जो पाकिस्तान का सारा पानी रोक दिया; दिल्ली के जल संकट पर AAP का तंज वाला जवाब
गर्मी आते ही एक बार फिर दिल्ली में पानी के संकट और इस पर होने वाली राजनीति की शुरुआत हो गई है।

गर्मी आते ही एक बार फिर दिल्ली में पानी के संकट और इस पर होने वाली राजनीति की शुरुआत हो गई है। दिल्ली की भाजपा सरकार ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया है उनके शासन वाले पंजाब ने हार का बदला लेने के लिए राजधानी में पानी की आपूर्ति कम कर दी है। वहीं, 'आप' ने भाजपा के दावे को गलत बताते हुए पाकिस्तान पर लिए ऐक्शन का जिक्र किया और तंज कसा।
दिल्ली में 'आप' के संयोजक सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रवेश वर्मा की ओर से लगाए गए आरोपों का जवाब दिया। भारद्वाज ने कहा, 'दिल्ली में दो नदियों यमुना और गंगा से पानी आता है। हो सकता है प्रवेश वर्मा जी ने नया भूगोल पढ़ा हो। प्रवेश जी स्कूल के बच्चों से पूछकर बता दें कि यमुना आती है पंजाब से या गंगा आती है। हमारी समझ से तो दोनों नदियां पंजाब नहीं जाती। पंजाब ने कैसे रोक दिया गंगा या यमुना का पानी।'
भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा, 'आज तो अखबार में आया है कि भारत सरकार ने पाकिस्तान का सारा पानी रोक दिया है। उन्होंने इतना पानी रोका है, बाढ़ आ जाएगी इसके चक्कर में। वह पानी ले आओ दिल्ली में। दे दो प्रवेश वर्मा जी को वह पानी। प्रवेश वर्मा कुछ भी उलूल जुलूल बयानबाजी करते हैं।'
पूर्व मंत्री ने आप सरकार के दौरान पानी संकट और उस पर लीकेज के लगने वाले आरोपों की याद दिलाते हुए कहा, 'पहल जब हरियाणा पानी रोकता था तो भाजपा मजाक उड़ाती थी। दिल्ली के एलजी कहते थे कि सरकार को पानी का प्रबंधन नहीं आता है। लीकेज हो जाता है। छोटी छोटी पाइपलाइन के लीकेज का वीडियो डालते थे इनके सांसद। कहते थे कि पानी बर्बाद हो रहा है। अब तुम बर्बाद मत करो। दो सबको, अब ये हरियाणा पर उंगली नहीं उठा पा रहे हैं क्योंकि अपनी सरकार है। अब बहाने से काम नहीं चलेगा।'
प्रवेश वर्मा ने क्या कहा?
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि दिल्ली में हार का बदला लेने के लिए अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली का पानी कम कर दिया है। उन्होंने कहा, 'भाखड़ा से जो पानी हरियाणा के लिए रिलीज होता था उसे कम कर दिया है। दिल्ली में हरियाणा से रोज औसतन 280 क्यूसेक पानी मिलता था। लेकिन एक मई को 88 क्यूसेक काम पानी आया, 2 को 119 क्यूसेक, 3 को 71 क्यूसेक, 4 को 55 क्यूसेक और 5 को 130 क्यूसेक पानी कम आया है। पंजाब सरकार, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री दिल्ली के लोगों से बदला लेना चाहते हैं। उनके मन में हार को लेकर गुस्सा है। वह वह दिल्ली की जनता को प्यासा मारकर बदला लेना चाहते हैं।'