delhi crime politics heats up over seelampur murder case aap asks questions सीलमपुर हत्याकांड पर सियासत गर्म; AAP ने दागे सवाल, क्या बोली रेखा सरकार?, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi crime politics heats up over seelampur murder case aap asks questions

सीलमपुर हत्याकांड पर सियासत गर्म; AAP ने दागे सवाल, क्या बोली रेखा सरकार?

उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में एक किशोर की चाकुओं से गोदकर हत्या किए के बाद शुक्रवार को तनाव रहा। 17 वर्षीय कुणाल की हत्या के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए।

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 18 April 2025 10:22 PM
share Share
Follow Us on
सीलमपुर हत्याकांड पर सियासत गर्म; AAP ने दागे सवाल, क्या बोली रेखा सरकार?

उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में एक किशोर की चाकुओं से गोदकर हत्या किए के बाद शुक्रवार को तनाव रहा। 17 वर्षीय कुणाल की हत्या के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। स्थानीय लोगों और पीड़ित के परिजनों ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। कई लोगों ने अपने घरों पर घर के बिकाऊ होने और पलायन करने के पोस्टर लगा दिए। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। इस हत्याकांड को लेकर राष्ट्रीय राजधानी का सियासी माहौल भी गरमा गया।

घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ऐक्शन में नजर आईं। उन्होंने पुलिस आयुक्त से फोन पर बात की और आरोपियों को जल्दी गिरफ्तार करने को कहा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि युवक के परिवार को न्याय मिलेगा। मैंने पुलिस आयुक्त से बात की है। पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है। मुझे उम्मीद है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि युवक के परिवार को न्याय मिले।

उधर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने भाजपा-नीत केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। आतिशी ने 'एक्स' पर कहा- सीलमपुर में युवक की हत्या दिल्ली में बिगड़ती कानून व्यवस्था का एक और नमूना है। दिल्ली पुलिस क्या कर रही है? गृहमंत्री अमित शाह क्या कर रहे हैं? डबल इंजन सरकार क्या कर रही है?

वहीं आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले छह से आठ महीनों से हम आगाह कर रहे हैं कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। पुलिस में कोई नई भर्ती नहीं हो रही है। पुलिस वीआईपी ड्यूटी में व्यस्त है। जब तक नई भर्ती नहीं होगी, तब तक स्थिति नहीं सुधरेगी। शर्मनाक बात यह है कि एक हफ्ते पहले दिल्ली पुलिस ने डेटा दिया था कि दिल्ली में अपराध कम हो गए हैं। दिल्ली पुलिस लोगों को गुमराह करने के लिए गलत डेटा तैयार कर रही है।

भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी ने कहा कि हमने परिवार को भरोसा दिया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अपना काम कर रही है। दोषियों को सजा मिलेगी। किसी को अपना घर छोड़ने की जरूरत नहीं है। हम लोगों के साथ खड़े हैं। यदि योगी मॉडल की जरूरत पड़ी तो उसका इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर उनको कड़ी सजा दी जाएगी।