delhi weather news today heatwave conditions temperature rise all latest Mausam news दिल्ली में गर्मी का 'टॉर्चर', 40 के पार जाएगा पारा, तीन दिन लू भी लेगी अग्निपरीक्षा, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi weather news today heatwave conditions temperature rise all latest Mausam news

दिल्ली में गर्मी का 'टॉर्चर', 40 के पार जाएगा पारा, तीन दिन लू भी लेगी अग्निपरीक्षा

  • अप्रैल महीना शुरू होते ही दिल्ली में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन में अधिकतम पारा 40 डिग्री को छू रहा है। लोगों के लिए बाहर तीखी धूप झेलना बस के बाहर हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन लू का अलर्ट जारी किया है।

Utkarsh Gaharwar लाइव हिन्दुस्तान, दिल्ली, हिंदुस्तान टाइम्सMon, 7 April 2025 10:50 AM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में गर्मी का 'टॉर्चर', 40 के पार जाएगा पारा, तीन दिन लू भी लेगी अग्निपरीक्षा

अप्रैल महीना शुरू होते ही दिल्ली में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन में अधिकतम पारा 40 डिग्री को छू रहा है। लोगों के लिए बाहर तीखी धूप झेलना बस के बाहर हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन लू का अलर्ट जारी किया है। सोमवार से बुधवार तक राजधानी के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है और इस दौरान अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

IMD के नियमों के अनुसार लू तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस हो और सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा हो। इसके अलावा,जिस भी दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा हो जाता है,उसे भी लू माना जाता है।

रविवार यानी एक दिन पहले दिल्ली के आधिकारिक मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। एक दिन पहले यह 35.7 डिग्री सेल्सियस था। इस मौसम में सफदरजंग में अब तक का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 3 अप्रैल को 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

सोमवार सुबह सफदरजंग में सबसे कम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा,जो इस समय के लिए लगभग सामान्य था। रविवार को यह 18.5 डिग्री सेल्सियस और शनिवार को 17.5 डिग्री सेल्सियस था। मंगलवार को न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है और यह 21-23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग (IMD) के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में आसमान साफ रहने की उम्मीद है,जिससे दिन का तापमान बढ़ेगा। पूरे शहर में लू चलने की स्थितियां बन रही हैं।

स्काईमेट में मौसम विज्ञान के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि साफ आसमान और गर्म,हल्की दक्षिण-पूर्वी हवाओं के कारण तापमान और बढ़ेगा। उन्होंने कहा,"10 अप्रैल के बाद कुछ राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल छाने पर तापमान गिर सकता है।" हालांकि राजधानी के कुछ हिस्सों में इस मौसम में पहले ही 40 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार हो चुका है।''

दिल्ली में ज़्यादातर लू वाले दिन अप्रैल के मध्य से लेकर जून के शुरुआती दिनों के बीच पड़ते हैं। मौसम विभाग (IMD) के रिकॉर्ड बताते हैं कि पिछले साल अप्रैल में सफदरजंग में कोई लू नहीं चली थी,हालांकि मई में ऐसे पांच दिन ज़रूर दर्ज किए गए थे। अप्रैल 2023 में भी लू नहीं चली थी,लेकिन दिल्लीवालों ने अप्रैल 2022 में नौ गर्म दिन झेले थे।

पुराने आंकड़े यह भी दिखाते हैं कि 2012 से हर अप्रैल में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है,जबकि उस साल अप्रैल में सबसे ज़्यादा तापमान सिर्फ 38.7 डिग्री सेल्सियस था। पिछले अप्रैल में,सबसे ज़्यादा तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस (5 अप्रैल) था। 2023 में यह 40.6 डिग्री सेल्सियस (18 अप्रैल) और 2022 में 43.5 डिग्री सेल्सियस (29 और 30 अप्रैल) था। अप्रैल का अब तक का सबसे ज़्यादा तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस है,जो 29 अप्रैल, 1941 को दर्ज किया गया था।