बीवी के मर्डर केस में पैरोल पर हुआ फरार, दूसरी शादी कर 4 बच्चे पैदा किए; 20 साल बाद धराया पूर्व सैनिक
पत्नी की हत्या में उम्रकैद की सजा काट रहा एक पूर्व सैनिक पैरोल पर छूटने के बाद फरार हो गया। उसने दूसरी शादी की, जिससे उसे 4 बच्चे हुए। आखिरकार 20 साल बाद पुलिस उसे दोबारा पकड़ने में कामयाब रही।

पत्नी की हत्या में उम्रकैद की सजा काट रहा एक पूर्व सैनिक पैरोल पर छूटने के बाद फरार हो गया। उसने दूसरी शादी की, जिससे उसे 4 बच्चे हुए। आखिरकार 20 साल बाद पुलिस उसे दोबारा पकड़ने में कामयाब रही।
पत्नी की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काटते हुए पैरोल पर छूटने के बाद 20 साल से अधिक समय से फरार चल रहे एक पूर्व सैनिक को मध्य प्रदेश में उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दो दशक से अधिक समय तक गिरफ्तारी से बचने के दौरान उसने दूसरी शादी कर ली और चार बच्चों का पिता बन गया।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि मध्य प्रदेश के सीधी के मूल निवासी अनिल कुमार तिवारी (58) ने मई 1989 में अपनी पत्नी की गला घोंटकर और फिर उसे आग लगाकर हत्या कर दी थी। उसने अपनी पत्नी की हत्या को आत्महत्या के रूप में पेश करने का असफल प्रयास किया, लेकिन उसे दोषी ठहराया गया। 1989 में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
2005 में दिल्ली हाई कोर्ट ने उसे दो हफ्ते की पैरोल दी थी। इस दौरान वह फरार हो गया। दो दशक से ज्यादा समय तक गिरफ्तारी से बचने के बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आखिरकार 12 अप्रैल को उसे उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, भारतीय सेना की आयुध कोर में ड्राइवर के रूप में काम करने वाला तिवारी गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था। वह बार-बार अपना ठिकाना और नौकरी बदलता रहता था।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी आदित्य गौतम ने कहा कि नवंबर 2005 में तिवारी को दो सप्ताह के लिए पैरोल दिया गया था। इस दौरान वह फरार हो गया। क्राइम ब्रांच ने उसका पता लगाने के लिए एक विशेष टीम बनाई। इनपुट से पता चला कि वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और बाद में मध्य प्रदेश के सीधी में अपने गांव के पास मौजूद है। टीम ने जमीनी स्तर पर सत्यापन किया और आखिरकार उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान तिवारी ने खुलासा किया कि वह लगातार घूमता रहता था। विभिन्न शहरों में ड्राइवर के तौर पर काम करता था। पुलिस ने बताया कि उसने दोबारा शादी करने की बात भी स्वीकार की। उसकी दूसरी शादी से चार बच्चे हैं।