लाल किला और जामा मस्जिद में बम है, गाजियाबाद के सद्दाम ने की थी कॉल
दिल्ली के लाल किला और जामा मस्जिद में बम होने की फर्जी सूचना देने वाला आरोपी गाजियाबाद के थाना अंकुर विहार क्षेत्र की खन्ना नगर कालोनी का रहने वाला निकला। दिल्ली पुलिस ने आरोपी के घर खन्ना नगर कालोनी में दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस आरोपी के भाई को अपने साथ ले गई है।

दिल्ली के लाल किला और जामा मस्जिद में बम होने की सूचना फर्जी निकली। बम होने की फर्जी सूचना देने वाला आरोपी गाजियाबाद के थाना अंकुर विहार क्षेत्र की खन्ना नगर कालोनी का रहने वाला निकला। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को थाना अंकुर विहार पुलिस के साथ आरोपी के घर में दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस आरोपी के भाई को अपने साथ ले गई है।
दिल्ली पुलिस की एक टीम ने गुरुवार को गाजियाबाद पुलिस से संपर्क किया। एसीपी अंकुर विहार अजय कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह दिल्ली पुलिस से सूचना मिली कि थाना अंकुर विहार क्षेत्र की खन्ना नगर कालोनी निवासी सद्दाम ने सुबह करीब नौ बजे दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम पर अपने मोबाइल से काल करके लाल किला और जामा मस्जिद में बम रखे होने की सूचना दी थी।
दिल्ली पुलिस ने मामले की जानकारी गाजियाबाद पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद अंकुर विहार थाना पुलिस ने नंबर ट्रेस करने पर मोबाइल नंबर लोनी के खन्ना नगर कालोनी थाना अंकुर विहार निवासी सद्दाम का निकला। सूचना पर दिल्ली पुलिस की एक टीम दोपहर करीब 11 बजे लोनी अंकुर विहार थाने पहंची। उसके बाद दिल्ली पुलिस ने थाना अंकुर विहार थाना पुलिस के साथ खन्ना नगर कालोनी में सूचना देने वाले के घर दबिश दी।
जांच में आरोपी की पत्नी अंजुम ने पुलिस को बताया कि पति सद्दाम लोअर और टीशर्ट की सिलाई का कार्य करता है। ईद से पहले कार्यस्थल पर अन्य कारीगर के साथ विवाद होने पर काम छोड़ दिया था। इसको लेकर पत्नी ने टोका था, जिसके बाद उसने पत्नी से भी झगड़ा किया और छह अप्रैल को घर छोड़कर चला गया।
पुलिस टीम ने घर में मौजूद परिजनों से एक-एक कर पूछताछ की। दिल्ली पुलिस आरोपी के भाई इमरान को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। एसीपी ने बताया कि अंकुर विहार पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है। मामला दिल्ली का है, इसलिए दिल्ली पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।