बेटी की ससुराल पहुंचे परिजनों पर हमला
बल्लभगढ़ में एक विवाहिता के ससुराल पहुंचे उसके परिजनों पर ससुराल पक्ष ने हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।...

बल्लभगढ़, संवाददाता। सदर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के ससुराल पहुंचे उसके परिजनों पर ससुराल पक्ष ने हमला कर दिया। इस हमले में बेटी, उसके पिता और अन्य परिजनों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में दो को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पलवल जिले के गांव घाघौट निवासी 70 वर्षीय समय सिंह ने बताया कि वह जीआरपी पुलिस में 10-12 साल तक सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने अपनी छोटी बेटी प्रीति की शादी 18 मार्च 2023 को गांव मुजेड़ी निवासी सोनू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी।
दंपती की करीब डेढ़ साल की एक बेटी भी है। समय सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही प्रीति को उसके पति सोनू, सास श्यामवती, देवर धर्मेंद्र उर्फ भूरा, नीरज, संजू, ननद ममता व नरेंद्र लगातार मारते-पीटते रहे। कई बार समझाने के बाद भी ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला। 16 मई की रात को प्रीति ने अपने पिता को फोन कर बताया कि ससुराल वाले उसे पीट रहे हैं और जान का खतरा है। 17 मई की सुबह 8:45 बजे समय सिंह अपनी पत्नी ओमवती और बेटों रविंद्र, नीरज, सचिन, विक्रम व करमचंद के साथ बेटी के ससुराल गांव मुजेड़ी पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद श्यामवती, धर्मेंद्र, नीरज, संजू और ममता को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे लोग गाली-गलौज पर उतर आए। उस समय सोनू घर पर नहीं था, वह अपनी मां से फोन पर बात कर रहा था। समझाने के बाद जब वे प्रीति और उसकी बेटी को लेकर लौटने लगे तो थोड़ी दूर निकलते ही धर्मेंद्र उर्फ भूरा अपने साथियों-पवन, बिजेंद्र, अर्जुन, मोहरा का पोता विनोद और एक अन्य व्यक्ति के साथ आ गया। सभी के हाथों में लोहे की रॉड और डंडे थे। उन्होंने समय सिंह और उनके परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में समय सिंह, उनकी बेटी प्रीति, बेटा करमचंद और रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।