जैन मंदिरों में विश्व शांति और जीवों के कल्याण की कामना
नई दिल्ली में भगवान महावीर जयंती का पर्व श्रद्धा और भक्ति से मनाया गया। जैन मंदिरों में पूजा, शोभा यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महावीर स्वामी के संदेश को फैलाने के लिए प्रभात फेरी...

सुबह कई स्थानों पर प्रभात फेरी और शोभा यात्रा निकाली, अहिंसा स्थल पर भगवान महावीर की प्रतिमा का महामस्तकाभिषेक किया नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। राजधानी में भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक के अवसर पर जैन मंदिरों में गुरुवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। जैन मंदिरों में विश्व शांति और जीवों के कल्याण की प्रार्थना की गई। सुबह कई स्थानों पर प्रभात फेरी और शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों में उत्साह देखते ही बन रहा था। भव्य समारोह आयोजित किए गए।
महरौली में महामस्तकाभिषेक महोत्सव आयोजित
महरौली स्थित अहिंसा स्थल में महामस्तकाभिषेक महोत्सव का आयोजन किया गया। दिल्ली-एनसीआर से आए लगभग दस हजार धर्मप्रेमियों ने 24 साल बाद महामस्तका अभिषेक अर्हम योग प्रणेता मुनि 105 प्रणम्य सागर महाराज संसंघ के सानिध्य में किया। इसमें जिनाभिषेक, घट यात्रा, झंडारोहण, सामूहिक, णमोकार महामंत्र पाठ और श्री वर्धमान स्तोत्र महामंडल विधान का आयोजन किया गया। वहीं, 501 जोड़ों ने विधान और कई भक्तगण ने भक्तिभाव से पुण्य प्राप्त किया। शास्त्रीय संगीत पर आधारित भजन संध्या आयोजित की गई। दोपहर में पालना झुलाना का आयोजित किया गया। शाम को महाआरती और एक शाम महावीर के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया।
शोभा यात्रा निकाली
चांदनी चौक स्थित श्री दिगंबर जैन लाल मंदिर में उत्साह देखते ही बन रहा था। यहां शास्त्र भेंट, मंगल प्रवचन, जैन समाज की ओर से शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा मॉडल बस्ती के फिल्मिस्तान से शुरू होकर लाल किले पर धर्म सभा में परिवर्तित हुई। इसमें शामिल आलोक जैन और पराग जैन ने बताया कि इस दिन का पूरे वर्ष इंतजार रहता है। यह न केवल एक धर्म के लोगों के लिए है, बल्कि पूरे विश्व का उत्सव है। वहीं, लोधी रोड और ऋषभ विहार में श्री दिगंबर जैन मंदिर में विशेष तैयारी की गई थी। यहां सुबह प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। साथ ही, सामूहिक विधान और भंडारे का आयोजन किया।
प्रभात फेरी में अहिंसा का संदेश दिया
इस अवसर पर प्रभात फेरी के साथ शोभा यात्रा भी निकाली गई। इसमें स्कूली छात्रों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। छात्रों ने हाथों में ‘अहिंसा सभी धर्मों का मूल मंत्र है..., कल्याण भावन रखने से दृष्टि और वृति दोनों बदल जाती है... संदेश लिखे पोस्टर और बैनर थे। इस अवसर झांकी भी निकाली गई। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह शोभा यात्रा का स्वागत किया। वहीं, इस दौरान भंडारे का भी आयोजन किया गया।
नवकार मंत्र का उच्चारण
नई दिल्ली, व.सं। अशोक विहार स्थित अखिल भारतीय अहिंसा संघ द्वारा भगवान महावीर चौक (बाराटूटी) सदर बाजार में शोभायात्रा का स्वागत किया गया। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जैन ने नवकार मंत्र का उच्चारण किया। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के संदेश जीयों और जीने दो का विशेष महत्व है। जितनी जरूरत है उसी को ग्रहण करें और उससे ज्यादा है तो दूसरे की भलाई में लगाएं। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने शोभायात्रा में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। साथ ही, हर्षोल्लास के साथ झांकियां निकाली गईं।
भव्य आयोजनों में अध्यात्म की गूंज
नई दिल्ली, प्र.सं.। देश की राजधानी दिल्ली में महावीर जयंती का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिल्ली के जैन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, शोभायात्राएं और प्रवचन आयोजित हुए। कनॉट प्लेस के दिगंबर जैन मंदिर में सुबह शांतिधारा, अभिषेक, भगवान महावीर के झूला पालन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।
13 अप्रैल तक विशेष कार्यक्रम का आयोजन
कर्मपुरा जैन मंदिर में 10 से 13 अप्रैल तक विशेष कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें संध्या आरती को ‘एक शाम प्रभु के नाम से काफी विशेष बनाया जा रहा है। गुरुवार को कार्यक्रम में प्रभात फेरी, नित्य नियम पूजन, शांतिधारा और विराट भजन संध्या का आयोजन हुआ। 13 अप्रैल को गुरु उपकार दिवस पर विशेष प्रवचन और सामूहिक अभिषेक होगा।
रोहिणी सेक्टर-3 के जैन मंदिर में नौ अप्रैल की शाम से ही कार्यक्रम शुरू हो गए थे। गुरुवार सुबह जापानी पार्क तक शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद आचार्य सौरभ सागर महाराज के दीक्षा दिवस पर विशेष जलाभिषेक और प्रवचन का आयोजन हुआ। पश्चिम विहार में जैन समाज की ओर से सामूहिक रथ यात्रा निकाली गई और जरूरतमंदों को भोजन दिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।