निगम के 12 वार्डों के उपचुनाव की तैयारियां शुरू
दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में उपचुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। 11 पार्षदों के विधायक बनने और एक वार्ड की पार्षद के सांसद बनने के बाद ये वार्ड खाली हुए हैं। चुनाव आयोग ने निर्वाचन अधिकारियों की...

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में उपचुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में 11 पार्षदों के विधायक बनने के बाद और लोकसभा चुनाव में एक वार्ड की पार्षद के सांसद बनने के बाद कुल 12 निगम के वार्ड खाली हो गए हैं। इन सभी पर चुनाव कराने के लिए दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। निगम के अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि दो महीने के दौरान उपचुनाव होने की संभावना है। अभी मौजूदा समय में निगम के सदन में कुल 238 पार्षद हैं। इनमें से भाजपा के 117 पार्षद, आम आदमी पार्टी के 113 पार्षद और कांग्रेस के आठ पार्षद हैं।
राज्य चुनाव आयोग की तरफ से निगम प्रशासन को 12 वार्डों में उपचुनाव के लिए विभिन्न व्यवस्था को लेकर भी आदेश जारी किए जाएंगे। इसके तहत निगम प्रशासन कर्मचारियों को उपचुनाव की जिम्मेदारी भी सौंपेगी। इन वार्ड पर होंगे उपचुनाव मुंडका, शालीमार बाग बी, अशोक विहार, चांदनी चौक, चांदनी महल, द्वारका बी, दिचाऊं कलां, नारायणा, संगम विहार-ए, दक्षिण पुरी, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर में उपचुनाव होंगे। राजनीतिक दलों में शुरू हुआ मंथन 12 वार्डों में राजनीतिक दलों की तरफ से अपने-अपने उम्मीदवारों को चयनित करने का मंथन शुरू हो गया है। भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस 12 वार्डों में अपने प्रत्याशियों को उतारने के लिए तैयारियों में भी जुट गई हैं। जल्द ही दलों की तरफ से उम्मीदवारों की भी घोषणा हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।