खेल : पोल वाल्टर देव अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा
फेडेशन कप कोच्चि, एजेंसी। पोल वाल्टर देव मीणा 5.35 मीटर का बैरियर तोड़ने वाले

फेडेशन कप कोच्चि, एजेंसी। पोल वाल्टर देव मीणा 5.35 मीटर का बैरियर तोड़ने वाले देश के पहले खिलाड़ी बने। उन्होंने मंगलवार को फेडरेशन कप में अपने दूसरे प्रयास में यह उपलब्धि हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने इसी साल फरवरी में बनाए गए अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड 5.32 मीटर में भी सुधार किया।
तमिलनाडु के एम गौतम (5.15 मीटर) ने रजत और जी रीगन (5.10 मीटर) ने कांस्य पदक जीता। तमिलनाडु के ही पूर्व राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक एस शिवा 5.05 मीटर के प्रयास के साथ चौथे स्थान पर रहे। मीणा हालांकि भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) द्वारा निर्धारित 5.51 मीटर के एशियाई चैंपियनशिप क्वालीफिकेशन मार्क से चूक गए। एशियाई चैंपियनशिप 27-31 मई तक दक्षिण कोरिया के गुमी में आयोजित की जाएगी।
महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश की रूपल चौधरी ने 52.55 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। शुरुआती 300 मीटर तक बढ़त बनाने वाली तमिलनाडु की एशियाई खेलों की पदक विजेता विथ्या रामराज (52.81 सेकंड) आखिरी क्षणों में रूपल से पिछड़ गईं। इस स्पर्धा में शीर्ष छह धावक ने एशियाई चैंपियनशिप के क्वालीफिकेशन समय 53.80 सेकंड से बेहतर प्रदर्शन किया।
पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में महाराष्ट्र के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तेजस अशोक शिरसे ने 13.65 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। वह एशियाई चैंपियनशिप के 13.56 सेकंड के क्वालीफाइंग समय से चूक गए। उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड 13.42 सेकंड है। ऊंची कूद के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी जेसविन एल्ड्रिन एशियाई चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। वह तमिलनाडु के पी डेविड से पिछड़ गए। डेविड ने 7.94 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता। रिलायंस के एल्ड्रिन ने 7.83 मीटर की छलांग लगाई, जो उनके राष्ट्रीय रिकॉर्ड 8.42 मीटर से काफी कम है। एशियाई चैंपियनशिप की क्वालीफाइंग दूरी 8.07 मीटर तय की गई है।
ज्योति याराजी ने 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता रिलायंस की ज्योति 13.23 सेकंड के समय के साथ शीर्ष पर रही। ओडिशा की प्रज्ञान प्रसाद (13.40 सेकंड) दूसरे और तमिलनाडु की नित्य रामराज (13.42 सेकंड) तीसरे स्थान पर रहीं। हरियाणा के निर्भय सिंह डिस्कस थ्रो में चैंपियन बने। उन्होंने 58.13 मीटर की दूरी नापकर स्वर्ण पदक जीता।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।