खेल : बाइल्स चौथी बार बनीं ‘साल की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, डुप्लांटिस भी सम्मानित
लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स में राफेल नडाल को स्पोर्टिंग आइकन अवॉर्ड मिला। सिमोन बाइल्स को चौथी बार साल की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। पोल वाल्टर अर्मांड डुप्लांटिस ने भी पुरस्कार जीते।...

सम्मान : लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स में छाए दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी, महान टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल स्पोर्टिंग आइकन अवॉर्ड से सम्मानित बाइल्स चौथी बार बनीं ‘साल की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, डुप्लांटिस भी सम्मानित
मैड्रिड, एजेंसी। खेलों की दुनिया के प्रतिष्ठित लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स में सोमवार रात स्टार पोल वाल्टर अर्मांड डुप्लांटिस और अमेरिकी जिम्नास्ट सिमोन बाइल्स को साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। हालांकि पुरस्कारों की एक श्रेणी में भारतीय क्रिकेट ऋषभ पंत भी नामित थे लेकिन उन्हें नहीं चुना गया। बड़ी बात यह कि बाइल्स को चौथी बार यह पुरस्कार मिला है।
तीसरे साल मिली सफलता : मोंडो के नाम से भी जाने जाने वाले 25 वर्षीय डुप्लांटिस ने लगातार तीन साल नामांकित होने के बाद यह अवॉर्ड हासिल किया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतने वाले उसैन बोल्ट के बाद वह ट्रैक एंड फील्ड के दूसरे एथलीट बन गए हैं। पिछले साल यह पुरस्कार जीतने वाले नोवाक जोकोविच ने डुप्लांटिस को पुरस्कार प्रदान किया।
डुप्लांटिस ने मार्च में अपनी दूसरी वर्ल्ड इंडोर चैंपियनशिप स्वर्ण पदक जीता था। पिछले साल ही नौवीं बार खुद अपना विश्व रिकॉर्ड तोड़ पेरिस ओलंपिक में चैंपियन बने थे। उन्होंने स्पेन के कार्लोस अल्काराज, फ्रांस के लियोन मार्चांद, स्लोवेनिया के टाडेज पोगाकार और नीदरलैंड्स के मैक्स वेर्स्टापन जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया।
बाइल्स को पांचवां पुरस्कार : 28 साल की बाइल्स ने पेरिस ओलंपिक में एक सफल वापसी के बाद अपना चौथा लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्सवूमन ऑफ द ईयर अवॉर्ड हासिल किया। बाइल्स ने तीन स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया। इससे उन्होंने सेरेना विलियम्स के चार लॉरियस पुरस्कारों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। उन्होंने स्पेन की एयताना बोनमाती, नीदरलैंड्स की सिफान हसन, केन्या की फेथ किपयेगॉन, अमेरिका की सिडनी मैकलाफलिन-लेवरॉन और बेलारूस की आर्यना सबालेंका को पछाड़ा।
पंत को रेबेका ने पछाड़ा : भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत कमबैक ऑफ द ईयर अवॉर्ड की श्रेणी में दावेदार थे। उन्होंने जानलेवा हादसे के 14 महीने बाद मैदान पर वापसी की थी। लेकिन उन्हें ब्राजील की जिम्नास्ट रेबेका एंड्रेड ने पछाड़ दिया। उन्हें अपने करियर को खतरे में डालने वाली चोटों से वापसी के लिए यह पुरस्कार मिला। एंड्रेड ने पेरिस खेलों में फ्लोर एक्सरसाइज में स्वर्ण पदक जीता जबकि तीन एसीएल चोटों के कारण सेवानिवृत्ति पर विचार कर रही थीं।
टेनिस के महान खिलाड़ी 22 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन राफेल नडाल को पेशेवर टेनिस से संन्यास की घोषणा करने के बाद लॉरियस स्पोर्टिंग आइकन अवॉर्ड मिला। उन्हें इससे पहले 2006 में बार्सिलोना में लॉरियस वर्ल्ड ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर अवॉर्ड भी मिला था। उन्होंने कहा, टेनिस ने मुझे बहुत कुछ दिया है।
पेरिस पैरालंपिक में सात स्वर्ण विजेता 20 साल की तैराक जियांग युयान ने स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ द ईयर विद ए डिसेबिलिटी अवॉर्ड जीता। किशोर फुटबॉल सनसनी लामिन यामेल को लॉरियस वर्ल्ड ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर अवॉर्ड मिला।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।