New Zealand Woman s Handbag Snatched Two Arrested in Delhi डेढ़ लाख महीना कमाने वाला निकला झपटमार, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsNew Zealand Woman s Handbag Snatched Two Arrested in Delhi

डेढ़ लाख महीना कमाने वाला निकला झपटमार

नई दिल्ली में न्यूजीलैंड की महिला का हैंडबैग झपटने के आरोप में करण भसीन और मोनू को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और पिछले कुछ समय में झपटमारी की वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 9 April 2025 08:54 PM
share Share
Follow Us on
डेढ़ लाख महीना कमाने वाला निकला झपटमार

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। न्यूजीलैंड की महिला का हैंडबैग झपटने के आरोपी और उसके साथी को सुभाष प्लेस थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि आरोपी हर महीने डेढ़ लाख की आमदनी के बावजूद झपटमारी की वारदातें करता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण भसीन और मोनू उर्फ रघु के रूप में हुई है। डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया कि दो अप्रैल को कोहाट एन्क्लेव में बाइक सवार बदमाश न्यूजीलैंड की महिला सोमना से बैग लूटकर भाग निकले थे। बैग में पासपोर्ट, ओसीआई कार्ड, आधार, पैन, डेबिट कार्ड के अलावा विदेशी मुद्रा भी थी। जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे 150 कैमरों की जांच की, तो बदमाशों की आखिरी लोकेशन राजधानी कॉलेज, राजौरी गार्डन की मिली। बाद में बाइक की रिठाला में पहचान कर आरोपी करण भसीन को दबोच लिया गया। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी मोनू को भी पकड़ा गया। करण और मोनू दोनों नशे के आदी हैं। बुरी संगत की वजह से परिवार ने करण की आर्थिक मदद बंद कर दी है। मोनू रोहिणी सेक्टर-25 में रेहड़ी लगाता है। जांच में पता चला कि करण पहले भी झपटमारी के दो मामलों में शामिल रह चुका है। वर्ष 2012 में दिल्ली की एक अदालत ने करण को दुष्कर्म के मामले में दोषी करार देते हुए आठ साल की सजा सुनाई थी।

आरोपी के दिल्ली में तीन फ्लैट

पुलिस ने बताया कि झपटमारी के आरोप में गिरफ्तार करण के रोहिणी, मॉडल टाउन और मुखर्जी नगर में तीन फ्लैट हैं। जिनसे करीब डेढ़ लाख रुपये की मासिक आमदनी होती है। करण की गलत आदतों के कारण परिवार ने उसकी आर्थिक मदद बंद कर दी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद झपटमारी के पांच मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।