बिना ऑक्सीजन के जिंदा रहने वाला जीव खोजा
-सैल्मन मछली की मांसपेशियों में पाया गया परजीवी तेल अवीव, एजेंसी। अब तक

तेल अवीव, एजेंसी। अब तक यह माना जाता था कि सभी जानवरों को जीवित रहने के लिए ऑक्सीजन की जरूरत होती है। लेकिन वैज्ञानिकों ने पहली बार ऐसा बहुकोशिकीय जीव खोजा है जो बिना ऑक्सीजन के जिंदा रह सकता है। यह खोज विज्ञान की एक महत्वपूर्ण अवधारणा को चुनौती देती है। यह सूक्ष्म परजीवी जो सैल्मन मछली की मांसपेशियों में पाया गया सिर्फ कुछ कोशिकाओं का बना होता है और जेलिफिश व कोरल के ही परिवार का है। लेकिन इससे अलग इसने ऑक्सीजन पर निर्भरता पूरी तरह छोड़ दी है। तेल अवीव विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डोरोथी हचोन के नेतृत्व में हुए अध्ययन में यह सामने आया कि यह परजीवी हेनेगुआ सेलमिनीकोला नामक जीव है और इसके पास माइटोकॉन्ड्रियल जीनोम ही नहीं है।
माइटोकॉन्ड्रिया वे अंग होते हैं जो कोशिकाओं में ऑक्सीजन से ऊर्जा बनाते हैं। इसका अभाव यह दर्शाता है कि यह परजीवी ऑक्सीजन का उपयोग नहीं करता। यह पहली बार हुआ है कि किसी बहुकोशिकीय जानवर में ऑक्सीजन-आधारित श्वसन की पूरी अनुपस्थिति देखी गई है। वैज्ञानिकों को संदेह है कि यह जीव अपनी ऊर्जा मछली की कोशिकाओं से प्राप्त करता है या किसी अन्य ऑक्सीजन-रहित प्रक्रिया से।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।