दस लाख की इनामी दो महिला माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में दो महिला माओवादियों, शामला पुडो और काजल वड्डे, ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। दोनों पर 10 लाख रुपये का इनाम था और 50 से अधिक आपराधिक मामलों का सामना कर रही थीं।...

गढ़चिरौली, एजेंसी। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में बुधवार को दो कट्टर महिला माओवादियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इन दोनों के सिर पर 10 लाख रुपये का इनाम था और 50 से अधिक आपराधिक मामलों का सामना कर रही थीं। जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि शामला पुडो उर्फ लीला (36) और काजल वड्डे उर्फ लिम्मी (24) ने गढ़चिरौली पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। विज्ञप्ति के अनुसार, पुडो माओवादी संगठन में सेक्शन कमांडर के रूप में काम करती थी। वहीं, वड्डे भामरागढ़ एलओएस (स्थानीय संगठन दस्ते) की सदस्य थी। दोनों पूर्वी महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित जिले गढ़चिरौली की निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण के बाद पुडो को 5.5 लाख रुपये और वड्डे को 4.5 लाख रुपये मिलेंगे। यह राशि पुनर्वास के लिए केंद्र और महाराष्ट्र सरकार देती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।