UPSC Civil Services Exam 2024 Results Shakti Dubey Tops with 725 Men and 284 Women Successful गर्व: प्रयागराज की शक्ति दुबे ने टॉप की सिविल सेवा परीक्षा, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsUPSC Civil Services Exam 2024 Results Shakti Dubey Tops with 725 Men and 284 Women Successful

गर्व: प्रयागराज की शक्ति दुबे ने टॉप की सिविल सेवा परीक्षा

संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा-2024 में शक्ति दुबे ने पहला स्थान प्राप्त किया है। कुल 1009 प्रतिभागियों को चुना गया, जिसमें 725 पुरुष और 284 महिलाएं शामिल हैं। शीर्ष 5 में 3 महिलाएं...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 22 April 2025 05:40 PM
share Share
Follow Us on
गर्व: प्रयागराज की शक्ति दुबे ने टॉप की सिविल सेवा परीक्षा

- 725 पुरुष और 284 महिलाओं को मिली सफलता - शीर्ष पांच में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल

नई दिल्ली, एजेंसी। संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा- 2024 में प्रयागराज की शक्ति दुबे को पहला स्थान मिला है। आयोग ने मंगलवार को परिणाम जारी किया। दूसरा स्थान हर्षिता गोयल जबकि तीसरा स्थान डोंगरे अर्चित पराग को मिला है।

आयोग के अनुसार 2845 प्रतिभागियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। इसमें से 1009 प्रतिभागियों को अलग-अलग सेवाओं के लिए चुना गया है। परीक्षा पास करने वालों में 725 पुरुष और 284 महिलाएं हैं। शीर्ष पांच में तीन महिलाएं और दो पुरुष जबकि शीर्ष 25 में चौहद पुरुष और 11 महिलाएं हैं। सामान्य श्रेणी के 335, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 109, पिछड़ा वर्ग से 318, अनुसूचित जाति से 160 और अनुसूचित जनजाति से 87 प्रतिभागियों को कामयाबी मिली है। परीक्षा पास करने वालों में 45 दिव्यांगजन भी हैं। इसमें 12 लोगों को हाथ- पैर की अपंगता, आठ लोग दृष्टि बाधित, 16 लोग सुनने संबंधी समस्याओं और कई तरह की अपंगताओं से जूझ रहे नौ लोगों ने परीक्षा पास की है। मालूम हो कि केंद्र सरकार ने घोषणा की थी कि प्रशासनिक पदों के लिए कुल 1129 पद खाली हैं। इसमें 180 पद आईएएस, 55 आईएफएस, 147 आईपीएस, अन्य केंद्रीय सेवाओं में 605 जबकि ग्रुप-बी की सेवा में 142 पद खाली थे।

राजनीतिक शास्त्र से टॉपर बनीं शक्ति

शक्ति दुबे ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायोकेमेस्ट्री में स्नातक की पढ़ाई की है। राजनीतिक शास्त्र और अंतरराष्ट्रीय संबंध विषय से परीक्षा दी और कामयाबी हासिल की है। हर्षित गोयल ने एमएस यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से बी-कॉम किया है। वैकल्पिक विषयों में इन्होंने भी राजनीतिक शास्त्र अंतरराष्ट्रीय संबंधों विषय से परीक्षा पास की है। अर्चित पराग ने वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रिक एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बी-टेक किया है। फिलॉस्फी इनका वैकल्पिक विषय था।

इंजीनियरों को चौथी और 5वीं रैंक

शाह मार्गी चिराग को चौथी और आकाश गर्ग को 5वीं रैंक मिली है। चिराग ने अहमदाबाद के गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। आकाश ने दिल्ली के गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया है। शीर्ष 25 में शामिल सफल अभ्यर्थियों की पढ़ाई देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों जैसे आईआईटी, एनआईटी, जेएनयू, दिल्ली यूनिवर्सिटी और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से हुई है। इन्होंने एंथ्रोपोलॉजी, कॉमर्स, भूगोल, गणित, जैसे विषयों को विकल्प के रूप में चुना था।

........

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।