खेल : गुकेश नॉर्वे शतरंज में चुनौती के लिए तैयार
नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में विश्व चैंपियन डी. गुकेश और अर्जुन एरिगेसी भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। इसमें मैग्नस कार्लसन और हिकारू नाकामुरा जैसे शीर्ष खिलाड़ी भी शामिल हैं। महिला वर्ग में भारत का...

स्टावेंगर (नॉर्वे), एजेंसी। क्लासिकल शतरंज शैली में सबसे कड़े प्रतिद्वंद्वियों को मात देने की क्षमता रखने वाले विश्व चैंपियन डी. गुकेश और अर्जुन एरिगेसी सोमवार से शुरू होने वाले नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। इस टूर्नामेंट में मैग्नस कार्लसन और हिकारू नाकामुरा जैसे शीर्ष खिलाड़ी भी होंगे। शतरंज कैलेंडर पर सबसे प्रतिष्ठित आयोजनों में से एक नॉर्वे शतरंज में पुरुष और महिला वर्ग में छह-छह खिलाड़ी शामिल हैं। इसे 'डबल राउंड-रॉबिन' प्रारूप में खेला जाता है। महिला वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व दो बार की महिला विश्व रैपिड चैंपियन कोनेरू हंपी और आर वैशाली करेंगी। यह पहली बार है जब पुरुष वर्ग में भारत के दो खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे।
इससे टूर्नामेंट में भारत के लिए पहला खिताब जीतने की उम्मीद बढ़ गई हैं। पुरुष वर्ग में कार्लसन और अमेरिका के ग्रैंडमास्टर नाकामुरा जबकि महिला वर्ग में चीन की जू वेनजुन और ली टिंगजी की महिला जोड़ी को मात देना आसान नहीं होगा। नाकामुरा रैंकिंग में कार्लसन के बाद दूसरे स्थान पर हैं। इसके बाद गुकेश (नंबर तीन) और एरिगेसी (नंबर चार) का स्थान है। इन दोनों को स्थानीय नायक कार्लसन और नाकामुरा के डिफेंस को भेदने के लिए बहुत धैर्य और एकाग्रता की आवश्यकता होगी। यह टूर्नामेंट 2013 में पहली बार खेला गया था। उस समय पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद सहित इसमें 10 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी शामिल थे। आनंद इस टूर्नामेंट में छह से अधिक बार खेले हैं और 2015 में उपविजेता रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।