अवैध संबंध का शक और रोज-रोज के झगड़े; नोएडा में इंजीनियर पत्नी के मर्डर की पूरी कहानी
नोएडा में एक कंपनी की महिला सिविल इंजीनियर की उसके बेरोजगार पति द्वारा हथौड़े और चाकू से हमलाकर बेहद बर्बर तरीके से हत्या कर दी गई। आरोपी पति नुरुल्लाह को शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है।

नोएडा सेक्टर-15 में एक कंपनी की महिला सिविल इंजीनियर की उसके बेरोजगार पति द्वारा हथौड़े और चाकू से हमलाकर बेहद बर्बर तरीके से हत्या कर दी गई। आरोपी पति नुरुल्लाह को शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसको लेकर वह अक्सर पत्नी से लड़ाई करता था। महिला के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, नोएडा सेक्टर-15 में सिविल इंजीनियर महिला की हत्या बेहद बर्बर तरीके से की गई। पहला हथौड़ा पड़ते ही महिला बेहोश हो गई और पूरा शरीर लहूलुहान हो गया। इसके बावजूद पति उसके माथे और सिर पर हथौड़े और चाकू से तब तक वार करता रहा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। वार इतने क्रूर तरीके से किया गया कि महिला का चेहरा पहचान में ही नहीं आ रहा था। गले पर भी चाकू के निशान मिले हैं। हर कोई बर्बर तरीके से हुई हत्या को देखकर हैरान है।
माना जा रहा है कि हथौड़े से वार करने के बाद उसने चाकू से भी अपनी पत्नी पर प्रहार किए। स्थानीय लोगों का दावा है कि महिला की सफलता से उसका पति असहज महसूस कर रहा था। एक साल पहले एक फोन कॉल ने पति नुरुल्लाह हैदर के मन में शक का बीज बो दिया। अवैध संबंधों के शक में नुरुल्लाह आए दिन पत्नी आसमां से लड़ाई करता था। आखिर शुक्रवार को उसने हथौड़े और चाकू से वार कर पत्नी की निर्मम तरीके से हत्या कर डाली।
गुरुवार को जब नुरुल्लाह ने रातभर पत्नी से झगड़ा किया तो उसने अपनी मां और रिश्तेदारों को सुबह बुला लिया। दोपहर को रिश्तेदार आए, उनके सामने भी नुरुल्लाह पत्नी आसमां से लड़ता रहा।
दोनों के झगड़े से तंग आकर 19 वर्षीय बेटे ने आसमां से कहा था कि अम्मी तुम नानी के घर चली जाओ। जब सबकुछ सामान्य हो जाएगा तब लौट आना। आसमां ने बेटे की बात को नजरअंदाज कर दिया और घर पर ही रही। बार-बार कहने के बावजूद भी जब आसमां जाने को तैयार नहीं हुई तो उसकी मां वहीं रुक गई। दोपहर में जब सब लोग अपने-अपने कमरे में थे तभी नुरुल्लाह ने आसमां की जान ले ली। आसमां अगर बेटे की बात मान लेती तो शायद जिंदा होती।
पुलिस ने बताया कि जब टीम मौके पर पहुंचे तो महिला का शरीर खून से लथपथ था। उसके सांसें बंद हो चुकी थीं। आसपास के लोगों ने बताया कि नुरुल्लाह को शक था कि उसकी पत्नी का किसी से अवैध संबंध है। करीब एक साल पहले नुरुल्लाह ने पत्नी को किसी से मोबाइल पर करते हुए सुना। यहीं से वह पत्नी पर शक करने लगा उसकी हर गतिविधि को संदेह की नजर से देखने लगा था। लोगों के मुताबिक, आसमां के व्यवहार से आसपास के लोग प्रभावित थे। वह काफी खुले विचारों वाली महिला थी और लोगों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहती थी। इस समय परिवार की जिम्मेदारी आसमां पर ही थी।
दोनों के विचार नहीं मिलते थे
नुरुल्लाह और आसमां के उम्र के बीच करीब 13 सालों का फासला था। आसमां जहां खुले विचारों वाली महिला थी वहीं नुरुल्लाह शांत किस्म का इंसान है। उम्र के बीच 13 साल का फासला होने के कारण दोनों के विचार भी नहीं मिलते थे। मां की मौत के बाद से बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटा शांत है। पुलिस जल्द घर इस मामले में पूछताछ करेगी।
मौके पर ही महिला हुई मौत
महिला के शरीर पर हथौड़े और चाकू से इस कदर वार किया गया था कि मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया था। हत्या के बाद हत्यारोपी पति घर से बाहर निकला और सीधे थाने पहुंच गया। संभावना जताई जा रही है कि नुरुल्लाह पैदल ही थाने गया होगा। कुछ लोग उसके ई-रिक्शे से जाने की बात कह रहे हैं। जहां हत्या हुई वह फेज वन थानाक्षेत्र में आता है, पर हत्या के बाद हत्यारोपी सेक्टर-20 थाने पहुंचा।
20 साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक बिहार के चंपारण निवासी नुरुल्लाह हैदर की शादी दिल्ली के जामियानगर निवासी आसमां खान के साथ 2005 में हुई थी। दोनों सी ब्लॉक में एक बेटी और एक बेटा के साथ तीन मंजिला मकान में रह रहे थे। 55 वर्षीय नुरुल्लाह इंजीनियर है, पर वर्तमान में वह कहीं नौकरी नहीं कर रहा था। 42 वर्षीय आसमां सेक्टर-62 स्थित एक कंपनी में सिविल इंजीनियर थीं। नुरुल्लाह को शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। गुरुवार शाम और शुक्रवार को सुबह दोनों में झगड़ा हुआ था। दोनों में सुलह कराने के लिए कुछ रिश्तेदार भी घर आए थे। दोपहर 1 बजे के करीब नुरुल्लाह अपनी पत्नी आसमां को धक्का देकर पहली मंजिल स्थित कमरे में ले गया और हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।