हमारे लिए सुकून की बात है...; दिल्ली में हार पर ऐसा क्यों बोली AAP
गोपाल राय ने भाजपा पर कई तरह के आरोप लगाते हुए कहा कि यह उनके लिए सुकून की बात है कि इतना सब होने के बाद भी उनकी पार्टी को 2 पर्सेंट ही कम वोट मिले।

दिल्ली में विधानसभा चुनाव की हार के बाद आम आदमी पार्टी (आप) में मंथन का दौर जारी है। सोमवार को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक हुई, जिसमें संगठन की मजबूती के लिए कई फैसले किए गए। बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गोपाल राय ने भाजपा पर कई तरह के आरोप लगाते हुए कहा कि यह उनके लिए सुकून की बात है कि इतना सब होने के बाद भी उनकी पार्टी को 2 पर्सेंट ही कम वोट मिले।
गोपाल राय ने वोट शेयर में महज 2 फीसदी अंतर की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में दिल्ली के लोगों ने आम आदमी पार्टी को 43.6 पर्सेंट वोट दिया, भारतीय जनता पार्टी को 45.6 वोट दिया। आम आदमी पार्टी से केवल 2 पर्सेंट ज्यादा वोट भाजपा को मिला, जबकि भाजपा ने दिल्ली के अंदर चुनाव आयोग के नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाईं, सारा धनबल, कल, छल, बल सबकुछ उपयोग किया। उसके बावजूद भी अरविंद केजरीवाल के ऊपर, आम आदमी पार्टी पर, सरकार के काम पर भरोसा करते हुए सभी दबाव और प्रभाव को नकारते हुए दिल्ली के 43.6 पर्सेंट मतदाताओं ने इस बात का सरेआम ऐलान किया कि हम आम आदमी पार्टी और अरविदं केजरीवाल के साथ हैं। यह बहुत बड़ी बात है।
गोपाल राय ने कहा कि भाजपा ने देशभर के नेताओं को इस चुनाव में लगाया और धनबल का उपयोग किया, इसके बावजूद 'आप' को इतना वोट मिलना सुकून की बात है। उन्होंने कहा, 'जिस तरह पूरी केंद्र सरकार, देशभर का भाजपा संगठन, देशभर के सांसद, सभी सरकारें, देशभर के भाजपा के विधायक, देशभर के भाजपा के नेता, सत्ता के सभी दुरुपयोग के बावजूद दिल्ली के लोगों के इतने बड़े पैमाने पर आम आदमी पार्टी के साथ खड़े होने का ऐलान, हमारे लिए एक सुकून की बात है। क्योंकि दिल्ली में जिस तरह का चुनाव इस बार हुआ है, वैसा पहले कभी नहीं हुआ। इतना धनबल का उपयोग कभी नहीं हुआ, मतदाताओं को कभी इतने दहशत में नहीं डाला गया।'
गोपाल राय ने कहा कि प्रदेश के उपाध्यक्ष, संगठन मंत्री, जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन पूरी ताकत के साथ दिल्ली की जनता के साथ खड़ा रहेगा। भाजपा ने जो वादे किए हैं उन्हें पूरा करना चाहिए। राय ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि 10 दिन हो गए, भाजपा अभी तक अपना मुख्यमंत्री नहीं तय कर पा रही है। यह इस बात को दिखाता है कि भाजपा के पास मुख्यमंत्री ना थो कल था ना आज है। उन्होंने आशंका जाहिर की कि भाजपा की सरकार स्थिर नहीं होगी।