अंबेडकरनगर में मिट्टी की गुणवत्ता परखने के लिए नमूने लिए जाएंगे
Ambedkar-nagar News - खेतों की उर्वरा शक्ति परखने के लिए मिट्टी की जांच जरूरी है। इस जांच से खेतों में मिट्टी को किस तत्व की जरूरत होती है उसका पता चल जाता है। इसके लिए कृषि विभाग ने 18000 खेतों से मिट्टी के नमूने लेने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

अधिक पैदावार के लिए किसान विभिन्न प्रकार के रसायनिक खाद व कीटनाशक का प्रयोग करते हैं। वर्तमान समय में अधिक उत्पादन के चक्कर में किसान उर्वरकों का अंधाधुंध प्रयोग कर रहे हैं, जिससे मिट्टी की उर्वराशक्ति क्षीण होती जा रही है। मिट्टी की उर्वराशक्ति बरकरार रहे इसके लिए कृषि विभाग मिट्टी की जांच कराता है। चालू वित्तीय वर्ष में 180 गांवों से 18000 मिट्टी के नमूने लेने का लक्ष्य विभाग को शासन स्तर से मिला है। इस कार्य को पूरा करने के लिए 64 कर्मचारियों को लगाया गया है। इसमें कृषि सखियां भी शामिल की गई हैं। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार पौध के विकास के लिए 17 किस्म के पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। अधिक उत्पादन लेने के लिए उर्वरकों का संतुलित मात्रा में उपयोग करना जरूरी है। इसके लिए मिट्टी की जांच कराना जरूरी होता है। इनसेट यह है मिट्टी का नमूना लेने का मानक मिट्टी का नमूना फसल बुवाई के एक माह पहले लिया जाता है। जिस खेत की मिट्टी का नमूना लेना होता है उस खेत में आठ से दस स्थानों पर निशान लगाया जाता है। जमीन की सतह से आधा फुट गहरा गड्ढा खोद कर खुरपे से एक तरफ से एक इंच मोटी मिट्टी काट कर नमूना लिया जाता है। इस मिट्टी को बाल्टी या टब में एकत्र कर लिया जाता है। खेत के चिन्हित अन्य स्थानों से भी नमूने लेकर मिट्टी का मिश्रण किया जाता है। नमूने की आधा किलो मिट्टी को एक साफ थैली में रख दें। एक पर्ची पर किसान का नाम, पिता का नाम, गांव, तहसील व जिले का नाम, खेत का खसरा नम्बर, भूमि सिंचित है असिंचित लिख कर थैली में डाल कर जांच के लिए कृषि विभाग के प्रयोगशाला में भेजा जाता है।
जिम्मेदार बोले
मिट्टी की गुणवत्ता जांचने के लिए मई माह में 18000 नमूने लिए जाएंगे। प्रत्येक विकास खंड के दो गांवों का चयन किया गया है। विभाग के कर्मचारी चयनित गांवों से नमूने एकत्र कर रहे हैं। पांच मई को विश्व मृदा दिवस के अवसर पर वृहद अभियान चलाया जाएगा।
पीयूष राय, जिला कृषि अधिकारी अम्बेडकरनगर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।