भदरसा से चेयरमैन प्रत्याशी रहे भाजपा नेता की करंट से मौत
Ayodhya News - भदरसा के भाजपा नेता मनोज कुमार गुप्ता एसी की सफाई करते समय करंट लगने से घायल हो गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उनकी बेटी की शादी 4 जून को होनी थी, लेकिन अब घर...

भदरसा, संवाददाता। नगर पंचायत भदरसा से चेयरमैन पद का चुनाव लड़ चुके भाजपा नेता मनोज कुमार गुप्ता का एसी की सफाई करते समय बिजली का करंट लग गया जिससे वह घायल हो गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद भरतकुण्ड से रविवार को निकलने वाली तिरंगा यात्रा स्थापित कर दी गई। नगर पंचायत भदरसा भरत कुंड के जिवपुर निवासी मनोज कुमार गुप्ता (48 वर्ष) पुत्र मथुरा प्रसाद नगर पंचायत भदरसा से सात वर्ष पूर्व भाजपा के टिकट पर चेयरमैन पद का चुनाव लड़ चुके हैं।
उनकी पत्नी सभासद रही हैं। बताते हैं कि रविवार की सुबह वह अपने घर की एसी की सफाई कर रहे थे, तभी उन्हें करंट लग गया और वहीं पर गिर पड़े। काफी देर बाद घर वाले कमरे में पहुंचे तो देखा कि वह गिरे पड़े हैं। उनको करंट लगा है जिसपर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक मनोज कुमार गुप्ता की बेटी की इसी चार जून को शादी थी। बनारस से बारात आनी थी। घर में शादी की तैयारी चल रही थी। घटना के बाद सारी खुशियां गम में बदल गईं। भाजपा नेता मनोज कुमार गुप्ता की मौत की खबर को सुनते ही भाजपाइयों में शोक के लहर दौड़ गई। भरत कुंड पर निकलने वाला तिरंगा यात्रा भी स्थगित कर दिया गया। यह जानकारी भाजपा के भरतकुंड के मंडल अध्यक्ष धर्मराज वर्मा ने दी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।