बहराइच-भाजपा सरकार में चारों तरफ अमन चैन: ब्रजेश पाठक
Bahraich News - कैसरगंज में आयोजित सक्रिय कार्यकर्ता सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज है। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले राज्य की स्थिति खराब थी और अब भाजपा...

कैसरगंज, संवाददाता। कैसरगंज के एसआर लॉन में आयोजित सक्रिय कार्यकर्ता सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। माफियाओं की सिट्टी-पिट्टी गुम है। भाजपा कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत करके पार्टी को आगे बढ़ने का काम कर रहा है और कार्यकर्ताओं के दम पर ही देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति बदहाल थी। गुंडा माफियाओं का राज था। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं । जमीन व मकान पर सपा के लोग अवैध कब्जा कर रहे थे। जब से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है चारों तरफ अमन चैन है। नौजवानों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र को सर्वोच्च मानती है लेकिन कांग्रेस व सपा कुर्सी को ही अपना सब कुछ मानते हैं। यदि प्रदेश का मुसलमान विकास के आधार पर वोट देने लगे और सपा का साथ छोड़ दे तो समाजवादी पार्टी दो कौड़ी की पार्टी होगी। कहा कि बहराइच जनपद उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। बहराइच को मॉडल जिला बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने तथा संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुबेद वर्मा ने किया। इस मौके पर एमएलसी प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक सरोज सोनकर,विधानसभा संयोजक गौरव वर्मा आदि मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।