मोबाइल पर मैसेज भेजकर जालसाज ने की ठगी
Basti News - बस्ती में एक व्यक्ति से साइबर अपराधियों ने टेक्सट मैसेज के जरिए 8 लाख 77 हजार 359 रुपये ठग लिए। पीड़ित को बैंकिंग एप के प्वाइंट रिडीम करने का झांसा देकर उनके खाते से राशि ट्रांसफर कर दी गई। साइबर थाना...

बस्ती। साइबर अपराधी नित नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। लिंक, एपीके फाइल आदि के बाद अब टेक्सट मैसेज भेजकर एक व्यक्ति से आठ लाख 77 हजार 359 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बैंक खाते से रकम ट्रांसफर होने के बाद इस पूरे गोलमाल की जानकारी पीड़ित हुई। साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक रहने वाले एक युवक ने तहरीर देकर बताया है कि उनके मोबाइल पर एक टेक्सट मैसेज आया। इसमें एक बैंकिंग एप के प्रयोग से मिले प्वाइंट को रिडीम करने का मैसेज आया। इसमें लिखा गया था कि प्वाइंट को रिडीम करने के बाद आपको इंटरेस्ट अमाउंट मिल जाएगा। मैसेज पर विश्वास कर उन्होंने दिए लिंक की मदद से प्वाइंट को रिडीम करना चाहा। इस लिंक की मदद से जालसाज ने उनके बैंक खाते को हैक कर लिया। थोड़ी ही देर में बैंक खाते से आठ लाख 77 हजार 359 रुपये धोखाधड़ी कर ट्रांसफर कर लिया गया। साइबर ठगी की जानकारी होने के बाद घटना की शिकायत पुलिस से की। साइबर क्राइम थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।