Farmers Devastated as Fire Destroys 300 Bighas of Wheat Crop in Rudhauli आग में फसल गवां चुके किसान दाने को मोहताज, Basti Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsBasti NewsFarmers Devastated as Fire Destroys 300 Bighas of Wheat Crop in Rudhauli

आग में फसल गवां चुके किसान दाने को मोहताज

Basti News - रुधौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को आग से लगभग 300 बीघा गेहूं की फसल जल गई। इससे किसान दाने के मोहताज हो गए हैं। आग ने उनकी मेहनत और साल भर की कमाई को बर्बाद कर दिया है। कई किसान अब कर्ज चुकाने और...

Newswrap हिन्दुस्तान, बस्तीSun, 6 April 2025 05:23 AM
share Share
Follow Us on
आग में फसल गवां चुके किसान दाने को मोहताज

रुधौली। खेतों में भड़की आग में फसल गवां चुके ज्यादातर किसान दाने को मोहताज हो गए हैं। शुक्रवार दोपहर रुधौली थाना क्षेत्र के आधा दर्जन गांव में फैली आग से लगभग 300 बीघा गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई। चंद मिनटों में अपनी गाढ़ी कमाई गंवा चुके किसान मायूस है। आग ने उनके पूरे साल की रोटी का सहारा छीन लिया है। कुछ किसान तो ऐसे हैं, जो फसल कटने के बाद उसे बेचकर कर्ज चुकाने, शादी की तैयारी आदि का सपना पाले हुए थे। अब उनका यह सपना चकनाचूर हो गया है। कर्ज लेकर खेती करने वाले किसानों की हालत तो और बदतर हो गई है। थाना क्षेत्र के पैड़ी, तिगोड़िया, धनघटा, अंदेउरा तथा करमहिया गांव के सीवान में गेहूं की फसल में लगी आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। शनिवार को आग से पीड़ित ज्यादातर किसानों के चेहरे पर गम व निराशा नजर आ रही थी। कुछ घरों में खाना नहीं बना था। घरों में सन्नाटा पसरा हुआ था। आग से पीड़ित गांव का शनिवार को नायब तहसीलदार नीरज सिंह, कानूनगो व लेखपाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। किसानों से कहा कि वह आग से हुए नुकसान को ऑनलाइन करें।

रुधौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर पैड़ी गांव के सीवान में भूसा काटने वाली मशीन से निकली चिंगारी से गेहूं के फसल में आग लग गई। पछुवा हवा के कारण आग तेजी से फैलते हुए तिगोड़वा, तिगोड़िया, घनघटा, अंदेउरा तथा करमहिया गांव तक जा पहुंची। आग में तीन सौ बीघा खड़ी फसल जल गई। फसल जलने के बाद किसानों के चेहरे पर मायूसी झलक रही है। गांव एवं चौराहों पर पीड़ित बैठकर फसल जलने की चर्चा करते हुए नजर आए। घर की महिलाओं में चिंता की लकीरें साफ झलक रही थी। महिलाओं का कहना था कि जब सब कुछ जल गया तो पूरे साल अब बच्चे क्या खाएंगे।

अंदेउरा गांव में आग से हरिराम पांडेय का 14 बीघा, चिंतामणि पांडेय का आठ बीघा, धनई, बलई, कन्हैया, गणेश प्रसाद और उदयराज का तीन- तीन बीघा, बेचन प्रसाद, रमेश्वर प्रसाद, रामू, समुन्द्र का दो- दो बीघा फसल जली है। तिगोड़िया, घनघटा गांव के मोहम्मद इब्राहिम का चार बीघा गेहूं व आम के पेड़ जले हैं।

मो. अय्यूब, शब्बीर अहमद, अख्तर अहमद, अली हसन का दो बीघा, फिदा हुसेन का चार बीघा, मो हारून ढ़ाई बीघा, अली रजा, मो. रजा एक बीघा, चिन्नीलाल, मो. फारूक, शौकत अली डेढ़ बीघा, अब्दुल कय्यूम का एक बीघा, अब्दुल नईम, कृपा शंकर, जय शंकर, कृष्ण कुमार, कृष्ण गोपाल, नीरज शुक्ला, राम अवतार यादव, जुबेदा खातून सहित अन्य की गेहूं की फसल पूरी तरह से जल गई है। करमहिया गांव के राजाराम यादव, राकेश यादव, सीताराम यादव, छेदी यादव का दो- दो बीघा गेहूं जला है। तिगोड़िया निवासी अब्दुल सलाम ने बताया कि उन्होंने दो बीघा गेहूं बोया था, आग में सब जल गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।