प्याऊं व्यवस्था शो-पीस, फोटो खिंचवाकर लूट रहे हैं वाहवाही
Basti News - बस्ती में गर्मी के बीच पेयजल की गंभीर कमी है। नगर पालिका क्षेत्र में वॉटर सप्लाई ठप है और प्याऊं की व्यवस्था भी फेल हो गई है। लोग bottled water खरीदने के लिए मजबूर हैं। जिम्मेदार लोग स्थिति की अनदेखी...

बस्ती। चिलचिलाती धूप और गर्मी में भी शहरी क्षेत्र में पेयजल की पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। ऐसे में शहर आने वाले लोग साथ में पानी बोतल जरूर रखें, नहीं तो हलक सूख जाएगा। नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल की किल्लत से हर कोई परेशान है। कटरा में वॉटर सप्लाई ठप है तो अन्य क्षेत्रों में वॉटरकूलर नहीं होने से लोग पेयजल के लिए तरस रहे हैं। गर्मी में सूखते हलक को तर करने के लिए एक बूंद पानी मिलना भी दुश्वार हो गया है। लोग खुद ही पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। बोतल बंद पानी खरीद कर अपना गला तर कर रहे हैं। हाल ही में नगर पालिका की ओर से लगाए गए प्याऊं व्यवस्था भी फेल नजर आया। फोटो खिंचवाकर वाहवाही लूटने वाले जिम्मेदार अब वहां झांकते तक नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में जहां-जहां प्याऊं के लिए स्थल चिह्नित कर पानी का घड़ा रखा गया था या तो गायब हो गए या फिर शो-पीस बने हैं। राजकीय पुस्तकालय के बगल नलकूप के पास लगा नि:शुल्क प्याऊं शो-पीस है। यहां घड़ा नहीं है, तो पानी कैसे लोग पीएंगे। लोग वहां पहुंचते, झांकते और आगे चलता बनते हैं। यही हाल जीजीआईसी के सामने स्थित नलकूप के पास लगे प्याऊं शो-पीस हैं। घड़ा जो लगा है वह लीकेज कर रहा है। टोटी ठीक नहीं है। एक घड़े में पानी था, लेकिन वह भी नल का पानी था। न गिलास न ही कोई मग, यदि लोग पानी पीने के लिए वहां पहुंच भी रहे हैं तो उन्हें हाथ से ही पानी पीना पड़ता है। यही हाल अन्य जगहों पर लगाए गए प्याऊं का है। लोग नगर पालिका के इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कोसते दिखे।
शहरी क्षेत्र में कई जगहों पर नगर पालिका की ओर से प्याऊं की व्यवस्था की गई है। निरीक्षण करके व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। कई जगहों पर वॉटर कूलर लगाने की भी योजना है।
- नेहा वर्मा, चेयरमैन, नगर पालिका, बस्ती।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।