दलित मजदूर की गला रेतकर हत्या, खेत में फेंका शव
Bulandsehar News - जहांगीराबाद में एक दलित मजदूर विक्रम (52 वर्ष) की निर्मम हत्या कर दी गई। शव पड़ोसी गांव के मक्का के खेत में मिला। विक्रम शुक्रवार को लापता हो गया था, जिसके बाद उसकी हत्या की गई। पुलिस ने कई लोगों को...

जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में दलित मजदूर की निर्मम तरीके से गला रेत कर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव पड़ोसी गांव के जंगल में मक्का के खेत में फेंक दिया। शनिवार सुबह खेत पर कार्य करने गए किसानों ने शव देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी देहात डॉक्टर तेजवीर सिंह, सीओ रामकरन सिंह और थाना पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल करते हुए शव की शिनाख्त कराई। बताया गया कि मजदूर शुक्रवार शाम को लापता हो गया था। घर से उसे दो युवक अपने साथ बुलाकर ले गए थे। जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव करैथा के जंगल में शनिवार सुबह किसान कार्य करने के लिए गए, तो उन्होंने रजवाहे के समीप मक्के के खेत में शव पड़ा देखा।
किसानों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक की शिनाख्त गांव टिटोटा निवासी विक्रम (52 वर्ष) पुत्र करन सिंह के रूप में रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या की गई है। फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जानकारी जुटाई। परिजनों ने बताया कि विक्रम गांव में ही मजदूरी करता था और अपने तीन बच्चों का पालन पोषण कर रहा था। क्षेत्र में हत्या की घटना से सनसनी फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंचे जिनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामफल सिंह ने बताया कि मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा। शुक्रवार शाम से लापता था विक्रम मृतक की पत्नी सुधा देवी ने बताया कि शुक्रवार शाम को विक्रम घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले गए। इसके बाद वह देर रात तक भी घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन विक्रम की कोई जानकारी नहीं मिल पाई। शनिवार की सुबह विक्रम का शव मक्का के खेत में मिलने की जानकारी परिजनों को लगी। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने अभी किसी भी रंजिश से इनकार किया है। एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया घटना के बाद एसएसपी दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए और पूरी घटना की जानकारी ली। एसएसपी ने थाना पुलिस को घटना के खुलासे के निर्देश दिए। एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि मृतक द्वारा कल शाम दो दोस्तों के साथ शराब पीने की भी जानकारी प्राप्त हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। कोट - घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। -दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी बुलंदशहर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।