चित्रकूट में पत्थर खदान धंसकने से तीन मजदूर दबकर घायल, कई पोकलैंड और ट्रक दबे
Chitrakoot News - चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र में गोंडा पहाड़ पर खनन के दौरान पत्थर की खदान धंसक गई। इस हादसे में तीन मजदूर मलबे में दब गए। पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू कर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें...

चित्रकूट, संवाददाता। भरतकूप थाना क्षेत्र के गोंडा पहाड़ में बुधवार की देर रात करीब 11 बजे खनन के दौरान पत्थर खदान धंसकने से तीन मजदूरों समेत कई पोकलैंड व ट्रक मलबे में दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन रेस्क्यू कर मलबे में दबे तीनों मजदूरों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से घायलों को रेफर होने के बाद सतना ले जाया गया है।
गोंडा पहाड़ में महेश प्रसाद जायसवाल की पत्थर खदान संचालित है। बुधवार की देर रात खदान में खनन का कार्य चल रहा था। बताते हैं कि खदान में ब्लास्टिंग भी की गई। इसके बाद करीब डेढ़ सौ फीट ऊंचाई से खदान धंसक गई। पूरा मलबा नीचे की ओर गिरा। बेंच आदि न बनी होने से काम कर रहे 40 वर्षीय साढू व उसका भाई 35 वर्षीय छोटू निवासी करारी मजरा गोंडा के अलावा पोकलैंड चालक 40 वर्षीय सुदामा यादव मलबे में दब गए। मलबे में दो-तीन पोकलैंड व दो ट्रक भी दब गए। हादसे के बाद इलाके में हडकंप मच गया। सूचना पाकर आनन-फानन पहुंचे प्रभारी निरीक्षक भरतकूप मनोज कुमार ने पुलिस टीम के साथ रेस्क्यू चलाया। दूसरी पोकलैंड मशीनें मंगवाकर मलबे को हटवाकर मजदूरों को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने तीनों को प्रयागराज रेफर कर दिया। लेकिन तीनों को सतना अस्पताल ले जाया गया है। मजदूरों को सुरक्षित निकालने के बाद मलबे में दबी पोकलैंड व ट्रकों को निकालने का काम किया जा रहा है। जानकारी मिलने के बाद खनिज अधिकारी सुधाकर सिंह भी खदान पहुंचे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।