Traffic Congestion and Poor Infrastructure Hindering Development in Bhatni Deoria बोले देवरिया : सड़कें चौड़ी हों तो विकास की बढ़े रफ्तार, Deoria Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsDeoria NewsTraffic Congestion and Poor Infrastructure Hindering Development in Bhatni Deoria

बोले देवरिया : सड़कें चौड़ी हों तो विकास की बढ़े रफ्तार

Deoria News - Deoria news : जिले की पुरानी नगर पंचायतों में से एक है भटनी। करीब 30 हजार की आबादी वाली इस नगर पंचायत में 12 वार्ड हैं। पूर्वोत्तर रेलवे का महत्वपूर्ण

Newswrap हिन्दुस्तान, देवरियाThu, 3 April 2025 06:46 PM
share Share
Follow Us on
बोले देवरिया : सड़कें चौड़ी हों तो विकास की बढ़े रफ्तार

देवरिया। नगर पंचायत भटनी के विकास के लिए आज तक कोई सुनियोजित योजना नहीं बनी। उपनगर का मुख्य बाजार बमुश्किल 10 से 12 फुट संकरी सड़क के दोनों तरफ बसा है। अतिक्रमण के कारण व्यस्त समय में चार पहिया वाहन तो दूर बाइक भी मुश्किल से निकल पाती है। नगर के वार्डों में भी सड़कें कम गलियां अधिक नजर आती हैं। पूरे नगर में शायद ही कहीं 20 फुट की सड़क मिले। यहां के लोगों का कहना है कि यदि योजना बनाकर लोगों की सहमति से सड़कों का चौड़ीकरण किया जाए तो विकास के रास्ते खुलने के साथ ही क्षेत्र की दशा बदल सकती है। नहीं है वाहन स्टैंड: व्यवसायी संतोष गुप्ता कहते हैं कि नगर में वाहन स्टैंड तक नहीं है। जो लोग बाहर से आते हैं सड़क पर अपनी गाड़ी खड़ी करते हैं। इससे जाम लगने से हम लोगों का कारोबार भी प्रभावित होता है। हरि प्रसाद गुप्ता का कहना है कि नगर की सड़कें संकरी होने से बाहर के लोग बाईपास होते हुए निकल जाते हैं। उन्हें यहां जाम में फंसने से बेहतर बाजार करने देवरिया जाना लगता है। इससे यहां का कारोबार चौपट हो रहा है। अरुण कुमार का कहना है कि जलपा माता मंदिर से लेकर 116 नंबर रेलवे क्राॅसिंग तक आप कहीं भी अपनी कार खड़ी कर बाजार नहीं कर सकते। नगर के जिम्मेदार लोगों को इसके बारे में गंभीरता से सोचना होगा नहीं तो कस्बे का कारोबार चौपट हो जाएगा।

जाम बड़ी समस्या : उपनगर के मुख्य बाजार में आने से लोग घबराते हैं। रामलीला मैदान, गांधी चौक, चूड़ी गली मोड़, पीएनबी बैंक के पास, विकास रोड मोड़ के पास यदि दो वाहन आमने-सामने आ गए तो घंटों जाम लग जाता है। कारोबारी सूर्यप्रकाश का कहना है कि मजबूरी में यदि कोई बाइक सड़क के किनारे बाइक खड़ी कर खरीदारी करने लगे तो उसे चालान का भय सताता है।

उप नगर में आधा दर्जन से अधिक स्कूल हैं। स्कूलों की छुट्टी के समय जाम के कारण हालात बिगड़ जाते हैं। बच्चों को भी स्कूल से घर पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे लग जाते हैं। जाम के चलते व्यापारी भी अक्सर अपने माल वाहनों को रात में ही लेकर आते हैं।

सार्वजनिक शौचालय नहीं: विजय शंकर मद्धेशिया का कहना है कि नगर में कहीं भी शुद्ध पेयजल का इंतजाम नहीं है। लोग मजबूरी में बोतलबंद पानी खरीदते हैं। सार्वजनिक शौचालय की स्थिति भी ठीक नहीं है। इससे महिलाओं को काफी परेशानी होती है।

दुर्घटना को दावत दे रहा ट्रांसफार्मर: नगर के नकहनी चौराहे पर ट्रांसफार्मर खुले में रखा है। सुरक्षा के लिए इसके चारों ओर जाली नहीं लगाई जा रही है। इससे कभी भी हादसा हो सकता है।

शिकायतें

1. वाहन स्टैंड नहीं होने से दुकानदारों के साथ ग्राहकों को भ्की फी दिक्कत होती है। सड़क वाहन खड़ा करने पर पुलिस चालान काट देती है, जिसके कारण यहां ग्राहक नहीं आना चाहते हैं।

2. नगर पंचायत के सभी प्रमुख मार्ग जर्जर हो चुके हैं। प्रमुख स्थानों से बाजार को जोड़ने वाले सम्पर्क मार्ग भी बदहाल स्थिति में हैं।

3. पेयजल का पाइप डालने के लिए सभी सड़कों को खोद कर छोड़ दिया गया है। इससे हादसे हो रहे हैं।

4. नगर के मुख्य बाजार गांधी चौक पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है।

5. केवरा वार्ड के पास जर्जर सड़क के कारण लोग नूरीगंज की तरफ से भटनी बाजार नहीं आ पाते हैं।

सुझाव

1. व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाने पर जोर दिया जाए और प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण कराया जाए।

2. केवरा वार्ड की जर्जर सड़क का तत्काल निर्माण कराया जाए, जिससे लोग बाजार तक पहुंच सकें।

3. नगर के सभी वार्ड के ट्रान्सफार्मर की क्षमता बढ़ाते हुए जर्जर तार और पोल बदले जाएं।

4. नगर के गांधी चौक समेत सभी प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त की जाए ताकि रात में भी महिलाएं सुरक्षित महसूस कर सकें।

5. वाहन स्टैंड की व्यवस्था कराई जाए ताकि जाम की स्थिति से निपटा जा सकें। 116 नम्बर रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बने।

लोगों का दर्द

यहां सड़कों की हालत खराब है। जलनिकासी के इंतजाम भी ठीक नहीं हैं। जाम से व्यापार को नुकसान हो रहा है।

मनीष वर्मा, व्यापारी

सबसे बड़ी समस्या है लो वोल्टेज। गर्मी की शुरुआत से ही लोगों को बिजली की परेशानी झेलनी पड़ती है।

अंकित बिन्दा, व्यवसायी

वाहन स्टैण्ड न होने से दुकानदारों को काफी परेशानी होती है। पुलिस ग्राहकों के वाहनों का चालान कर देती है।

वीरेन्द्र गोड़, व्यवसायी

स्ट्रीट लाइट नहीं है। रात में नगर में अंधेरा छा जाता है। नगर पंचायत समस्या को समझे और इसे ठीक कराए।

राजेश्वर बर्नवाल

30 साल पहले ओवर हेड टैंक बना था। आज तक जलापूर्ति नहीं हो पायी है। लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल रहा।

दीपक रौनियार

मुख्य सड़कों की हालत दयनीय है। केवरा, प्रमुख स्थानों से बाजार को जोड़ने वाले सम्पर्क मार्ग खराब हो गए हैं।

ओमजी, व्यापारी

गांधी चौक प्रमुख बाजार है। सब्जी व्यवसायियों के वाहन माल लेकर दुकान तक नहीं पहुंच पाते हैं।

गुड्डू अंसारी

गांधी चौक तक आने वाले सभी प्रमुख सम्पर्क मार्ग बदहाल हैं। इसकी तत्काल मरम्मत हो। बदहाल रास्ते नगर की छवि बिगाड़ रहे हैं।

नवीन गुप्ता, व्यवसायी

नगर में बिजली आपूर्ति पुराने जर्जर तारों से ही हो रही है। गर्मी में लोड बढ़ने पर फाल्ट हो जाता है। पुराने जर्जर तारों को बदला जाए।

विजय शंकर मद्धेशिया

सभी प्रमुख मार्ग पर अतिक्रमण है। व्यापार मण्डल तथा नगर पंचायत की कई बैठकों में कोई हल नहीं निकल पाया।

अरुण कुमार

प्रमुख चौराहों पर स्ट्रीट लाइट लगे, जिससे महिला के खिलाफ अपराध, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लग सके।

संतोष गुप्त, व्यापारी

ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे कॉलोनी होते हुए केवरा से जाना पड़ता है। केवरा वार्ड में सड़क दयनीय है।

कन्हैया लाल शर्मा

नगर में कूड़ा निस्तारण के लिए बेहतर प्रबंधन नहीं है। यहां कर्मी सड़कों पर ही कूड़ा फेंककर उसे जला देते हैं।

सूर्यप्रकाश लोहा

नगर में एकमात्र सार्वजनिक शौचालय है। बाजार में महिलाओं के लिए एक पिंक टायलेट बनना चाहिए।

अरविन्द कुमार

नगर में प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। अधिकतर खराब हो गए हैं इन्हें ठीक कराया जाए।

शम्भू गुप्ता, व्यापारी

बोले जिम्मेदार

समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्रीय विधायक, सांसद आदि जनप्रतिनिधियों से भी मिलकर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जाम से निजात के लिए जलपामाता मंदिर से केवरा वार्ड के किनारे किनारे एक बाईपास पथ तैयार करने पर विचार किया जा रहा है। पथ प्रकाश के लिए भी योजना तैयार है। जल्द ही प्रमुख चौक चौराहों पर प्रकाश के बेहतर प्रबंध किए जाएंगेे।

विजय कुमार गुप्त,नगर पंचायत अध्यक्ष, भटनी

नगर पंचायत में कूड़ा निस्तारण की समस्या थी। कूड़ा निस्तारण केन्द्र बना दिया गया है। जलनिगम की ओर से कई वार्ड में हर घर जल योजना के तहत पाइप लाइन कार्य तेजी से चल रहा है। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाता है। इसको लेकर भी कई बार अतिक्रमण करने वालों को नोटिस भेजा गया है। व्यापारियों के साथ भी बैठक की जाएगी।

अमित कुमार सिंह, ईओ, भटनी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।