सुबह हुई बूंदाबांदी, दिन में भी छाए रहे बादल
Gangapar News - गौहनिया, हिन्दुस्तान संवाद। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और चार
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और चार सक्रिय मौसम प्रणालियों के चलते मौसम बदला हुआ है। पिछले 24 घंटे में इलाके में कई जगह आंधी-बारिश का दौर जारी रहा। गुरुवार को आसमान में दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रही। शुक्रवार को भी क्षेत्र में बारिश, आंधी की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल 24 मई तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रह सकता है। 25 मई से नौतपा शुरू होगा और दो जून तक चलेगा। गुरुवार को भी बादलों की मौजूदगी के साथ तेज धूप खिली। इसके चलते दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री पहुंच गया।
वातावरण में नमी व गर्मी के चलते जोरदार उमस से लोग परेशान रहे। रात का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। मौसम विशेषज्ञ आकाश मिश्र ने बताया कि प्रयागराज के कुछ स्थानों पर तेज आंधी के साथ गर्जना एवं वर्षा दर्ज की गई है। हवा की गति 40 किमी प्रति घंटा रही। भोर में गौहनिया और घूरपुर में 1.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई। यमुनापार के कुछ जगहों पर बूंदा बांदी हुई है।अगले चार दिनों तक गरज चमक के साथ बारिश एवं आंधी आने की संभावना बनी रहेगी। नमी अधिक होने के कारण उमस महसूस हो सकती है। तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। तेज हवाओं की गति 40 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। रुक रुक कर हो सकती है बारिश मौसम विभाग से मिले अपडेट के अनुसार, वर्तमान में राजस्थान और बंगाल की ओर कई चक्रवातीय हवाओं की प्रणालियां सक्रिय हैं। इनके कारण उत्तर भारत से लेकर बांग्लादेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है। बुधवार को अरब सागर में बनने वाले चक्रवात के गुरुवार को कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने से बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। इन मौसम प्रणालियों के असर से गुरुवार से प्रयागराज मंडल के क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।