मेले में छात्राओं ने जाना भविष्य संवारने का रास्ता
Gonda News - करनैलगंज में बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कैरियर गाइडेंस और काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने छात्राओं को पुलिस,...

करनैलगंज, संवाददाता। बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और सही दिशा में मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से शनिवार को करनैलगंज के बीआरसी स्थित कंपोजिट विद्यालय में कैरियर गाइडेंस एंड काउंसलिंग फॉर गर्ल्स कार्यक्रम के अंतर्गत कैरियर मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मार्गदर्शन प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार सिंह एवं संचालन नोडल शिक्षिका नीतू सिंह व फरहत जहां के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विद्यालय परिसर को पोस्टर, बैनर, चार्ट और गुब्बारे से सजाया गया था, जिससे मेला स्थल पूरी तरह कैरियर थीम में रंगा नजर आया। कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि कन्हैया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर राजाराम ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सही समय पर सही मार्गदर्शन ही सफलता की कुंजी होता है।
नोडल शिक्षिका नीतू सिंह ने छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी और बताया कि कैसे वे अपने रुचि और क्षमता के अनुसार सही दिशा चुन सकती हैं। इस अवसर पर चिकित्सा, पुलिस एवं शिक्षा विभाग से आए विशेषज्ञों ने छात्राओं से संवाद किया और उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों की जानकारी दी। महिला उप निरीक्षक खुशबू श्रीवास्तव और आरक्षी अमित कुमार ने पुलिस सेवा में करियर बनाने के लिए उपयोगी सुझाव दिए।प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और परिश्रम से कोई भी सफलता दूर नहीं होती।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।