महानगर में अवैध होर्डिंग्स पर चला निगम का बुलडोजर
Gorakhpur News - गोरखपुर नगर निगम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अवैध विज्ञापनों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। बक्शीपुर के राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के पास अवैध होर्डिंग्स और पोल बोर्ड हटाए गए। अभियान में...
गोरखपुर। मुख्य संवाददाता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद जागा नगर निगम महानगर में अवैध विज्ञापनों के खिलाफ अभियान चला रहा है। बुधवार को नगर निगम के प्रवर्तन दल की देखरेख में बक्शीपुर स्थित राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज की बाउंड्री से शुरू कर आसपास के क्षेत्रों में लगे समस्त अवैध होर्डिंग स्ट्रक्चर्स ध्वस्त किए गए। अभियान के दौरान अवैध रूप से लगाए गए इन स्ट्रक्चर्स की सामग्री को जब्त किया गया।
अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि बुधवार को 253 पोल बोर्ड और नौ बड़े होर्डिंग हटाए गए। अवैध होर्डिंग लगाने वालों से 22,500 रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया। निगम की प्रवर्तन टीम के साथ स्थानीय पुलिस बल की भी सहायता ली गई, ताकि अभियान शांतिपूर्वक एवं व्यवस्थित ढंग से चले। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि यह अभियान फिलहाल निरंतर जारी रहेगा। महानगर में जहां कहीं भी अवैध होर्डिंग्स, यूनिपोल, पोल बोर्ड या बैनर पाए जाएंगे, उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाया जाएगा।
खास खास
- 253 पोल बोर्ड, 9 होर्डिंग्स हटाए, 22500 रुपये जुर्माना वसूला
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू हुई कार्रवाई
संरचना सामग्री जब्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध आर्थिक दंड एवं कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के पहले दिन मंगलवार को 367 पोल बोर्ड 17 होर्डिंग हटाई गई थी। नगर निगम की यह मुहिम शहर की सूरत संवारने, सड़क सुरक्षा बनाए रखने एवं विजुअल प्रदूषण को कम करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।