सत्य अहिंसा धर्म हमारा, नवकार हमारी शान है..
Jhansi News - झांसी में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती श्रद्धाभाव से मनाई गई। जैन मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान किए गए, शांतिधारा में अभिषेक हुआ और शोभायात्राएं निकाली गईं। लोग भगवान की आरती...

झांसी, संवाददाता जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर श्री महावीर स्वामी की जयंती गुरुवार को गांवों से लेकर शहर तक श्रद्धाभाव से मनाई गई। जैन मंदिरों में सुबह से धार्मिक अनुष्ठान हुए। शांतिधारा में भगवान का अभिषेक किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों ने शिरकत की। दिन भर धार्मिक अनुष्ठान हुए। कई स्थानों पर शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें लोगों ने फूलों की बारिश कर स्वागत किया।
यात्रा में ‘सत्य अहिंसा धर्म हमारा, नवकार हमारी शान है, महावीर जैसा नायक पाया, जैन हमारी पहचान है। जैसे जयकारों की गूंज रही। लोग भगवान की पालकी कांधे पर रखकर चल रहा था। डीजे और भक्तिधुनों पर भक्त थिरक रहे थे। लोगों ने जगह-जगह आरती उतारी। पूजन किया। शहर में सीपरी, बड़ाबाजार, करगुवां श्री जैन दिगंबर मंदिरों में सुबह से बड़ी संख्या में जैन समुदाय के लोग उमड़े। उन्होंने भगवान का दर्शन-पूजन किया। महामंगल आरती हुई। वक्ताओं ने भगवान महावीर की वाणी एवं उनके संदेश के बारे में बताया। ‘जिओ और जीने दो एवं ‘अहिंसा परमो धर्म: को अपनाकर ही विश्व में सुख-शांति, समृद्धि स्थापित करने की बात कही गई। मांसाहार, मदिरा एवं रात्रि भोजन निषेध किया। अहिंसा, सत्य, अचौर्य, अपरिग्रह, ब्रह्मचर्य को जीवन में अंगीकार कर मनुष्य जीवन को सार्थक प्रयास करने कहो गया।
उल्लास से मनाया जन्मकल्याणक महोत्सव
बरुआसागर। गुरुवार को भगवान महावीर का जन्मकल्याणक महोत्सव नगर में उल्लास से मनाया गया। सुबह भगवान का मंदिर जी से विमान निकाला गया। जो नगर भ्रमण करता हुआ कटरा, व्यामशाला, बद्री चौराहा, नझाई बाजार होता हुआ मंदिर पहुंचा। फिर भगवान का प्रथम अभिषेक हुआ। शान्तिधारा कर विश्वशांति की कामना की। भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में विमान जी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें पीत वस्त्र धारण कर महिलाएं मंगलगीत गा रही थी। वहीं श्रावकजन श्वेत वस्त्र में भगवान महावीर के जयकारे लगा रहे थे। यात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया। इस दौरान जैन समाज के शैलेंद्र जैन, गुलाब चन्द जैन, राजकुमार जैन सहित अन्य मौजूद रहे।
जगह-जगह भगवान की उतारी आरती
लुहारी। श्री 1008 नेमीनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर सरकार में में जैन समाज के बैनर तले महावीर स्वामी का जन्म कल्याण महोत्सव मनाया गया। श्रीजी की शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर में अभिषेक, शांति पाठ एवं पूजन किया गया। वहीं शोभायात्रा में महिलाएं मंगल गीत गाती चल रही थी। लोग जयकारे लगा रहे थे। डीजे पर बज रही भक्ति धुनों पर लोग खूब थिरके। भ्रमण के बाद यात्रा मंदिर पर आकर समाप्त हुई। जहां फिर से पूजन हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
निकाली गई शोभायात्रा
बबीना। कस्बा में स्वामी महाराज जी की जयंती श्रद्धाभाव से मनाई गई। नगर में शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें बज रहे ढोल डीजे पर युवा खूब थिरके। लोग भगवान महावीर के जयकारे लगाते चल रहे थे। यात्रा में भगवान महावीर के वाहन की जगह-जगह आरती उतारी गई। तिलक किया गया। बाद में मंदिर में भगवान का कलश अभिषेक हुआ। जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। भ्रमण के बाद यात्रा मंदिर में आकर समाप्त हुई। जहां धार्मिक अनुष्ठान हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।