व्यापारियों को बताए एक देश एक चुनाव के फायदे
Kanpur News - गुरुवार को सिटी क्लब में एक देश एक चुनाव पर व्यापारी-उद्यमी संवाद हुआ। मुख्य वक्ता मुकुंद मिश्रा ने कहा कि यह व्यवस्था व्यापारियों के लिए फायदेमंद है और इससे जीडीपी में 1.5 प्रतिशत की वृद्धि होगी।...

एक देश एक चुनाव पर सहमति बनाने और व्यापारियों के बीच समर्थन हासिल करने के लिए गुरुवार को सिटी क्लब में व्यापारी-उद्यमी संवाद हुआ। मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने कहा आचार संहिता के पहले और बाद में लगने वाले समय से व्यापारियों को नुकसान होता है। एक देश एक चुनाव चुनाव से देश की जीडीपी डेढ़ प्रतिशत तक बढ़ेगी। मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी ने इस व्यवस्था को व्यापारियों के लिए फायदेमंद बताया। कानपुर उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुनील बजाज ने कहा कि यह सरकार द्वारा थोपी जाने वाली योजना नहीं है। संविधान लागू होने के बाद 1951 से 1967 तक एक देश एक चुनाव की व्यवस्था थी। कुछ परिस्थितियां खराब हुईं तो यह सिस्टम ध्वस्त हो गया। इसे ही दोबारा लागू करना है। महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी ने एक राष्ट्र एक टैक्स की बात सदन में रखने का आग्रह सांसद से किया। इससे व्यापारियों को फायदा होने के साथ सरकार का कर संग्रह बढ़ने की उम्मीद जताई। इसमें मणिकांत जैन, विजय पंडित, रामेश्वर गुप्ता, लाला राकेश सिंह, संत मिश्रा, महेंद्र गुप्ता, राजेंद्र शुक्ला, रामकिशोर मिश्रा, नीरज दीक्षित, संतोष शर्मा, पंकज राठौर, सुशील गुप्ता, सरताज अहमद, अब्दुल जब्बार, सत्यप्रकाश जायसवाल मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।